ग्रेड पे के लिए मांगी रिश्वत, बिहार शिक्षा विभाग का अधिकारी सस्पेंड; शिक्षा मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
शिक्षा विभाग ने रिश्वत मांगने के आरोप में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी आशीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

रिश्वतखोरी पर मंत्री की सख्त चेतावनी
HighLights
शिक्षा विभाग ने रिश्वत मांगने पर अधिकारी आशीष कुमार को निलंबित किया।
115 याचिकाकर्ताओं से ग्रेड पे के लाभ के लिए रिश्वत मांगी गई।
शिक्षा मंत्री ने भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
राज्य ब्यूरो, पटना। शिक्षा विभाग ने रिश्वत मांगने के आरोप में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी आशीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश के बाद सोमवार को विभाग ने कार्रवाई की।
मंत्री ने स्पष्ट किया है कि विभाग में भ्रष्ट आचरण और रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय कामकाज में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
115 याचिकाकर्ताओं से पैसे मांगने का आरोप
सेक्शन-7 में पदस्थापित आशीष कुमार पर 115 याचिकाकर्ताओं से ग्रेड पे का लाभ दिलाने के बदले प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये मांगने का आरोप है। इस हिसाब से कुल करीब दो लाख रुपये की मांग किए जाने की शिकायत सामने आई है।
विशिष्ट शिक्षक की शिकायत से जुड़ा मामला
मामला बेगूसराय जिले के नवीन प्राथमिक विद्यालय, लखनपुर के विशिष्ट शिक्षक राजू कुमार की ओर से दर्ज कराए गए परिवाद से जुड़ा है। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार याचिकाकर्ताओं को विरमन तिथि से ग्रेड पे का लाभ देने से संबंधित कार्य किया जाना था।
काम के बदले पैसे मांगने का आरोप
आरोप है कि संबंधित काम को पूरा करने के बदले याचिकाकर्ताओं से पैसे की मांग की गई। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की।
सरकारी सेवक नियमावली के तहत निलंबन
विभाग ने आशीष कुमार को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय निदेशक, जन शिक्षा कोषांग निर्धारित किया गया है।
रिश्वतखोरी पर मंत्री की सख्त चेतावनी
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि किसी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा आम लोगों से पैसे मांगने की शिकायत सामने आती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी काम के लिए पैसे मांगना गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में लापरवाही या नरमी नहीं बरती जाएगी।
