बिहार में 16,800 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित, 12 हजार से अधिक का विसर्जन पूरा; सुरक्षा में 25 हजार जवान
राज्यभर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, जिसमें लगभग 75 प्रतिशत प्रतिमाएं विसर्जित हो चुकी हैं। ...और पढ़ें

पटना के दानापुर में दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन। जागरण
HighLights
राज्यभर में 75% दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न।
पुलिस स्कॉट में शांतिपूर्ण ढंग से निकले विसर्जन जुलूस।
सुरक्षा के लिए 57 कंपनी बल और 25 हजार जवान तैनात।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य भर में करीब 75 प्रतिशत प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, सभी जिलों में पुलिस स्काॅट में विसर्जन जुलूस निकाला गया।
प्रमुख और संवेदनशील विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में करीब 16 हजार 800 प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं।
बुधवार की रात तक 12 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था। शेष चार से साढ़े चार हजार प्रतिमाओं का विसर्जन भी अगले 24 घंटे में होने की उम्मीद है।
राज्यभर में विसर्जन शांतिपूर्वक जारी
अभी तक विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा है। कहीं से किसी बड़ी घटना की जानकारी नहीं है। बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, दुर्गापूजा संपन्न होने के बावजूद मुख्यालय से लेकर जिलों तक विशेष बल की प्रतिनियुक्ति जारी है।
विसर्जन जुलूस लौट जाने तक सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को आन ड्यूटी रखा गया है। विजयादशमी के साथ ही प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है, जो लगातार जारी है।
विजर्सन जुलूस के लिए सभी जिलों को थानास्तर पर संवेदनशील रूट चिह्नित करने का टास्क दिया गया था। इसी के अनुसार, मजिस्ट्रेट और डीएसपी की ड्यूटी लगाई गई है।
विसर्जन जुलूस के मार्ग में पड़ने वाले दूसरे समुदायों के धार्मिक स्थलों के पास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यहां अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
57 कंपनी सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति
विसर्जन वाले नदी एवं तालाबों पर गोताखोरों और बचाव दल भी तैनात किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने राज्य में 57 कंपनी सुरक्षा बलों और करीब 25 हजार पुलिस और होमगार्ड जवानों की 24 अक्टूबर तक प्रतिनियुक्ति की है।
इनमें 34 कंपनी बिहार विशेष सुरक्षा पुलिस, 12 कंपनी दंगा निरोधी दस्ता और 11 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस मुख्यालय के स्तर पर बने स्टेट पुलिस कमांड सेंटर और सोशल मीडिया सेल से भी विसर्जन जुलूस और इंटरनेट मीडिया की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
