विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Diwas 2023: 111 साल का हुआ बिहार, राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी सहित CM नीतीश ने दी शुभकामनाएं

By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
Published: Wed, 22 Mar 2023 10:24 AM (IST)Updated: Wed, 22 Mar 2023 11:47 AM (IST)

Bihar Diwas 2023 बिहार अपनी स्थापना की 111वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति पीएम मोदी सहित कई ...और पढ़ें

Bihar Diwas 2023 पर राष्ट्रपति पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
Bihar Diwas 2023 पर राष्ट्रपति पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

जागरण डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Diwas 2023: आज 22 मार्च को बिहार का स्थापना दिवस है। बिहार की स्थापना को 111 साल हो गए। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर,  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार वासियों को बधाई देते हुए लिखा कि 'बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं।

सीएम ने आगे कहा कि 'विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को बढ़ाएंगे।'

उन्होंने कहा कि बिहार निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। बिहारवासी आपसी एकता, भाईचारा, सामाजिक समरसता और सद्भाव बनाए रखेंगे। हम सब मिलकर बिहार को प्रगति की नयी ऊंचाई पर पहुंचाएंगे व बिहार के गौरव काे और आगे बढ़ाएंगे।

पीएम मोदी ने की बिहारियों की प्रशंसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बिहार के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने बिहारवासियों की प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत के लिए उनकी प्रशंसा की।

पीएम मोदी ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए कहा कि बिहार के लोग देश के विकास में हर क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रहे हैं। राज्य अपने समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने अपनी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत से अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

बिहारी विकास और समृद्धि का लिखेंगे नया अध्याय

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जननी के रूप में 'गौरवशाली भूमि' की सराहना की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि 'बिहार दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान महावीर, भगवान बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी यह गौरवशाली भूमि लोकतंत्र की जननी भी है। मुझे दृढ़ विश्वास है कि बिहार के मेहनती और प्रतिभावान लोग विकास और समृद्धि का नया अध्याय लिखेंगे।'

बिहार है देवभूमि-राज्यपाल

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बिहार दिवस के अवसर पर सभी बिहारवासियों और प्रवासी बिहारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी और ज्ञान, साधना, अहिंसा, करूणा एवं प्रेम की पावन भूमि है। इसी कारण यह देवभूमि भी है।

राज्यपाल ने कहा कि इस राज्य की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है और भारत के निर्माण एवं विकास में इसका अद्वितीय योगदान रहा है। राज्यपाल ने बिहार दिवस पर सभी राज्यवासियों से बिहार के गौरव को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लेते हुए राज्य एवं देश के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का अह्वान किया है।

राहुल गांधी ने भी बिहार दिवस पर ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंन कहा कि बिहार भारत का गौरव है, जिसने अपने ज्ञान और सभ्यता से देश की प्रगति में सदा महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

बता दें कि 22 मार्च, 1912 को बिहार को बंगाल से अलग कर बनाया गया था। बिहार शानदार प्राचीन साम्राज्यों का घर है और इसकी प्रवासी आबादी ने विभिन्न राज्यों की अर्थव्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

तीन दिनों तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

बिहार दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार की ओर से बुधवार से अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा शक्ति, बिहार की प्रगति थीम पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां भी लगायी जा रही हैं।

बुधवार को सुबह में सभी 38 जिलों में सरकारी और निजी विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई और प्रत्येक विद्यालय में असेंबली और बिहार गीत कार्यक्रम होगा।