विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के नए DGP की रेस शुरू, इन 5 IPS अफसरों में किसके नाम पर लगेगी मुहर?

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:00 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 12 Sep 2026 08:00 AM (GMT+05:30)

बिहार में नए पुलिस महानिदेशक (DGP) के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, वर्तमान डीजीपी विनय कुमार का कार्यकाल 13 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।

5 आईपीएस अधिकारियों के नाम पर चर्चा। फाइल

5 आईपीएस अधिकारियों के नाम पर चर्चा। फाइल

HighLights

  1. वर्तमान डीजीपी विनय कुमार का कार्यकाल 13 दिसंबर को समाप्त।

  2. नए डीजीपी के चयन की विभागीय प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

  3. प्रीता वर्मा सहित पांच आईपीएस अधिकारी दौड़ में शामिल हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) को चुने जाने की रेस शुरू हो गई है। वर्तमान डीजीपी विनय कुमार के दो वर्षों का कार्यकाल 13 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।

इसके पहले नए डीजीपी के चयन की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के गलियारों में जो नाम डीजीपी की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं, उनमें प्रीता वर्मा, भृगु श्रीनिवासन, जितेंद्र सिंह गंगवार, जितेंद्र कुमार और कुंदन कृष्णन शामिल हैं।

30 वर्ष की सेवा वाले अफसरों का पैनल तैयार 

विभागीय सूत्रों के अनुसार, नए डीजीपी के चयन के लिए गृह विभाग के स्तर से 30 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले डीजी रैंक के अफसरों का पैनल तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द ही गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा।

इनमें ऐसे पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जिनका कार्यकाल दिसंबर के बाद भी न्यूनतम छह माह से अधिक शेष है। इसमें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए डीजी रैंक के अफसर भी शामिल हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार से प्राप्त पैनल के नामों पर गृह मंत्रालय, केंद्रीय लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) से विचार-विमर्श करेगी।

10 आईपीएस फ‍िलहाल DG रैंक में 

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत अफसरों से डीजीपी पद को लेकर उनकी इच्छा पूछी जाएगी। इसके बाद अंतिम तीन नामों की सूची वापस राज्य सरकार को भेजी जाएगी।

इसमें से किसी एक नाम पर राज्य सरकार मुहर लगाएगी। यह पूरी प्रक्रिया दिसंबर के पहले सप्ताह तक पूरी होने की संभावना है। बिहार कैडर में अभी दस आइपीएस अधिकारी ऐसे हैं, जिनके पास डीजी रैंक हैं।

इनमें वर्तमान डीजीपी विनय कुमार के अलावा प्रीता वर्मा, बी श्रीनिवासन, जितेंद्र सिंह गंगवार, सुनील कुमार झा, अरविंद कुमार, जितेंद्र कुमार, कुंदन कृष्णन, डाॅ. परेश सक्सेना और निर्मल कुमार आजाद के नाम शामिल हैं।

इनमें तीन नाम सेवानिवृत्ति के कारण पहले ही रेस से बाहर माने जा रहे हैं। अरविंद कुमार इस साल अक्टूबर तो परेश सक्सेना दिसंबर में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

सुनील कुमार झा भी जनवरी में सेवानि़वृत्त हो रहे हैं। इस मानक पर निर्मल कुमार आजाद समेत शेष छह नाम ही शेष रह जाते हैं।

इन पांच नामों की सबसे अधिक चर्चा

  • प्रीता वर्मा : वरीयता क्रम में सबसे सीनियर। बिहार कैडर की 1991 बैच की आइपीएस अधिकारी। मूल रूप से राजस्थान की निवासी। अभी डीजी फायर एवं होमगार्ड सर्विस की जिम्मेदारी। मौका मिला तो बिहार की पहली महिला डीजीपी होंगी।
  • भृगु श्रीनिवासन : वरीयता क्रम में दूसरा स्थान। मूल रूप से उत्तरप्रदेश के निवासी। बिहार कैडर के 1992 बैच के आइपीएस अधिकारी। अभी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी के डीजी। बिहार लौटने की इच्छा जताई तो रेस में शामिल होंगे।
  • जितेंद्र सिंह गंगवार : वरीयता क्रम में तीसरा स्थान। मूल रूप से उत्तरप्रदेश के निवासी। बिहार कैडर के 1993 बैच के आइपीएस अधिकारी। एडीजी मुख्यालय, ईओयू, विशेष शाखा में रहे। अभी डीजी निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे।
  • जितेंद्र कुमार : वरीयता क्रम में चौथा स्थान। मूल रूप से उत्तरप्रदेश के निवासी। बिहार कैडर के 1993 बैच के आइपीएस अधिकारी। सीआइडी का अनुभव। एडीजी मुख्यालय भी रहें। अभी केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के चेयरमैन। डीजी बी-सैप की भी जिम्मेदारी।
  • कुंदन कृष्णन : वरीयता क्रम में पांचवां स्थान। मूल रूप से नालंदा, बिहार के रहने वाले। बिहार कैडर के 1994 बैच के आइपीएस अधिकारी। तेज-तर्रार अफसर की छवि। पटना एसएसपी, आइजी, एडीजी मुख्यालय रहे। अभी विशेष शाखा और एसटीएफ के डीजी की जिम्मेदारी।