यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का जेल जाना तय, भाजपा सांसद सुशील मोदी ने किया दावा
Bihar Politics पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने जिस दिन ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, टीम पटना/गोपालगंज : राजद का चरित्र कुत्ते की पूंछ की तरह है, जो कभी बदलेगा नहीं। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अपराध फिर बढ़ गया है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद का जेल जाना तय है। पुनः जंगलराज मत आने दिजिए। मंगलवार को शहर के बंजारी मोड़ पर स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता और थावे जंक्शन के समीप गेस्ट हाउस में व्यवसायियों संग बैठक में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने यह तल्ख टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने जिस दिन भाजपा से अलग होकर राजद से गठबंधन कर सरकार बनाई, उसी दिन से अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ने लगीं। राजद प्रमुख लालू प्रसाद से लेकर उनके बेटे तेजस्वी प्रसाद तक, राजद में कुछ नहीं बदला। इस बार नीतीश राजनीति की अंतिम पारी खेल रहे हैं। अब जनता उन्हें राजनीति से विदाई देगी। उधर, थावे जंक्शन के समीप गेस्ट हाउस में व्यवसायियों के साथ बैठक में सुशील मोदी ने कहा कि राजद गुंडा, बदमाश, शराब माफिया, भूमि माफिया व बालू माफिया की पार्टी है। राजद ने शराब माफिया को टिकट दिया है। अपराध और भ्रष्टाचार के खंभे पर राजद की दुकान चल रही है। लालू ने नौकरी देने के बदले जमीन लिखवाई है।
अपराधियों को संरक्षण देता है राजद, उसके उम्मीदवार हारेंगे
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने गोपालगंज में चुनाव प्रचार कर लौटने के बाद कहा कि जनता ने अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टी राजद के उम्मीदवारों को हराने का मन बना लिया है। इसलिए गोपालगंज और मोकामा, दोनों जगह भाजपा भारी मतों से विजयी होगी। मोदी ने कहा कि गोपालगंज में राजद ने उस शराब माफिया को टिकट दिया, जिसकी गोवा में शराब की फैक्ट्री है और जिसकी शराब झारखंड में पकड़ी गई थी। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में सत्तारूढ गठबंधन पैसा पानी की तरह बहा रहा है। हेलीकाप्टर उतारे जा रहे हैं और प्रशासन राजद की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के घर से एके-47 रायफल मिलने के कारण सजा हुई। विधानसभा की सदस्यता चली गई। इसी से मोकामा में उपचुनाव हो रहा है। वे अपनी पत्नी और राजद प्रत्याशी की जीत के लिए जेल से मतदाताओं को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोपालगंज में राजद उम्मीदवार ने अपनी कंपनी की शराब जब्त होने के मामले की जानकारी चुनाव आयोग से छिपाई। इस पर आयोग को संज्ञान लेना चाहिए।
