Bihar Crime News: नालंदा में दिन-दहाड़े नाबलिग छात्र को भूना, जांच करने गई पुलिस पर हमला
Bihar Crime News बिहार के नालंदा में गुरुवार को छत पर टहल रहे एक नाबालिग छात्र की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना का कारण रास्ता का विवाद बताया जा रहा है।
नालंदा, जेएनएन। नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के तुलसीगढ़ रसलपुर गांव में गुरुवार को 14 वर्षीय किशोर शंकर कुमार की हत्या दिन-दहाड़े गोली मारकर कर दी गई। वह अपने चाचा भूषण रजक के घर की छत पर सुबह में टहल रहा था कि पड़ोस की छत से चली गोली उसके मुंह में जा लगी। वह छत पर ही वह ढेर हो गया। बाद में पहुंची पुलिस ने जब पड़ोस के घर पर दबिश दी तो घर की महिलाओं ने रोड़ेबाजी कर दी। पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में चार महिलाओं तथा एक रिश्तेदार को हिरासत में लिया गया है।
पुराने विवाद में कर दी हत्या
बताया जाता है कि भूषण रजक की जमीन से होकर पड़ोस के रविदास टोला के लोग रास्ता की मांग कर रहे हैं। इसका विवाद चार सालों से चला आ रहा है। बुधवार को भी दोनों पक्षों में रास्ते पर गोबर रखने के लिए विवाद हो गया था। तब पुलिस भी आई थी। पुलिस स्थिति नियंत्रित कर लौट गई थी। उसके दो दिन पहले भी बारिश में गिरे पेड़ को हटाने को लेकर विवाद हुआ था। उस वक्त भी थानाध्यक्ष रितुराज पहुंचे थे और पेड़ को हटवाकर रास्ता खोलवा दिया था। हत्या की घटना को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।
सबसे छोटा बेटा था शंकर
भूषण रजक के दो पुत्र राज्य से बाहर नौकरी करते हैं। छोटा पुत्र शंकर पढ़ाई करता था, इसलिए उनकी गृहस्थी में वही हाथ बंटाता था। इस कारण वह अक्सर यहां रहता था।
घटना से गांव में तनाव
घटना के बाद हिलसा के डीएसपी के पहुंचने पर शव को उठाया गया। पुलिस पर हमला व हत्या के मामलों में दो दर्जन से अधिक लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। घटना के बाद से गांव में तनाव है। पुलिस टीम ऐहतियातन गांव में कैम्प कर रही है।