Bihar Crime: पटना में आधी रात को चेन लूटने का विरोध करने पर चार लोगों को मारी गोली, सभी की हालत गंभीर
Patna Bikers Tried to Rob at Midnight पटना में ऊर्जा स्टेडियम के पास बुधवार रात चेन लूट का विरोध करने पर बाइक सवार अपराधियों ने चार लोगों को गोली मार दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, पटना: शास्त्री नगर थाना क्षेत्र की बोर्ड कालोनी में ऊर्जा स्टेडियम के पास बुधवार की रात चेन लूट का विरोध करने पर बाइक सवार अपराधियों ने चार लोगों को गोली मार दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की नाकाबंदी कर दी गई। हालांकि, अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिला। गौरतलब है कि 30 जनवरी को शास्त्री नगर थाना और राज्य पुलिस मुख्यालय से महज दो सौ मीटर की दूरी पर उज्ज्वल उर्फ धौनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बाढ़ निवासी मनोज पत्नी के साथ लौट रहे थे बाइक से
बताया जा रहा है कि बाढ़ निवासी मनोज कुमार एक निजी चैनल में पत्रकार हैं। वे पटना में परिवार के साथ एजी कालोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी बोरिंग रोड में हॉस्टल का संचालन करती हैं। बुधवार को आधी रात के बाद मनोज पत्नी के साथ एक शादी समारोह से बुलेट बाइक से लौट रहे थे। उनके तीन कर्मचारी भी स्कूटी पर उनके साथ ही चल रहे थे।
ओवरटेक कर अपाचे सवार तीन बदमाशों ने रोका
ऊर्जा स्टेडियम के गेट नंबर दो के पास पहुंचते ही अपाचे सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और पिस्टल भिड़ा दी। इसके बाद जबरन मनोज और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन व जेवरात छीनने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, घायल लोगों को हाथ, पैर, पीठ और कमर के नीचे गोली लगी है। गोली लगते ही वे लोग जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी हवा में गोलियां दागते हुए भाग निकले। फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं। ऑपरेशन के बाद दो लोगों के शरीर से गोलियां निकाली जाएंगी।
मौके से बरामद हुए तीन खोखे
घटनास्थल से पुलिस को तीन खोखे बरामद हुए हैं। गोली 0.762 बोर की पिस्टल से मारी गई थी। पुलिस को अंदेशा है कि हमलावर आसपास के इलाके के ही रहने वाले हैं। उन्होंने ऊर्जा स्टेडियम गेट नंबर दो के सामने सुनसान गली में दंपती को रोका था। पुलिस हमलावरों की तलाश में पुनाईचक में छापेमारी कर रही है।