Bihar Crime: सिवान में भूमि विवाद में ईंट से कूंचकर भतीजा ने की चाची की हत्या, दो घायल
नगर थाना क्षेत्र के तेलहट्टा बाजार में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के दौरान हुए विवाद में भतीजे ने अपनी वृद्ध चाची की ईंट पत्थर से कूंच कर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों पक्षों से एक दूसरे पर जमकर ईंट पत्थर चले।
सिवान, जेएनएन। बिहार के सिवान में बड़ी वारदात हुई। नगर थाना क्षेत्र के तेलहट्टा बाजार में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के दौरान हुए विवाद में भतीजे ने अपनी वृद्ध चाची की ईंट पत्थर से कूंच कर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों पक्षों से एक दूसरे पर जमकर ईंट पत्थर चले। पत्थरबाजी में दो लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पत्थरबाजी की घटना से कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। मृतका तेलहट्टा बाजार निवासी जिउती देवी थी।
चार हमलावरों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे नगर थाना इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित ने चार हमलावरों को गिरफ्तार कर नगर थाना भेज दिया, जबकि वृद्ध महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजा दिया। घायल में विनोद कुमार व उसकी पत्नी प्रतिमा देवी शामिल हैं, दोनों जिउती देवी के पुत्र व बहू हैं।
पट्टीदारी में पूर्व से ही चल रहा था भूमि विवाद
मामले में जिउती देवी के पुत्र विनोद कुमार ने बताया कि पट्टीदारी में पूर्व से ही भूमि विवाद चलता आ रहा है। बीच में बंटवारा भी हुआ था। मंगलवार को मेरी पत्नी प्रतिमा देवी आंगन में पूजा कर रही थी। तभी चचेरे भाई राहुल कुमार ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगा। इसी समय चाचा शंकर प्रसाद के स्वजनों ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। अभी हमलोग कुछ समझ पाते तब तक राहुल ने मेरी मां जिउती देवी को ईंट से मारना पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में उसकी मौत मौके पर हो गई। वहीं पत्थरबाजी में मैं, पत्नी और मेरा पुत्र घायल हो गए। खबर प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज की प्रक्रिया चल रही थी। इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित ने बताया कि मामले में विक्की कुमार, राहुल कुमार, आशा देवी तथा सनजुली कुमारी को गिरफ्तार किया गया है।