संसद की सुरक्षा में सेंध: बिहार के मंत्री जनक राम के आप्त सचिव गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने गोपालगंज से दबोचा
Bihar Crime बिहार सरकार में एक मंत्री के आप्त सचिव को दिल्ली की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने का मामला है। बताया जा रहा है कि उन्हें गोपालगंज से गिरफ्तार किया गया है।
गोपालगंज, जागरण टीम। Bihar Crime: बिहार सरकार के खनन एवं भूतत्व मंत्री जनक राम (Bihar Mining Minister Janak Ram) के आप्त सचिव और एक अन्य शख्स को दिल्ली की पुलिस (Delhi Police) ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ संसद (Parliament) में प्रवेश के लिए फर्जी पास (Fake Entry Pass) बनवाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दिल्ली की ही पुलिस ने उन्हें गोपालगंज (Gopalganj) आकर गिरफ्तार किया है। संसद भवन में अनधिकृत तरीके से प्रवेश के लिए फर्जी पास बनवाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने पटना तथा गोपालगंज शहर में छापेमारी कर जनक राम के आप्त सचिव तथा एक साइबर कैफे संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों से पूछताछ करने के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ दिल्ली लेकर चली गई।
एक सप्ताह पहले हुई थी संसद की सुरक्षा में सेंध की कोशिश
बताया जाता है कि एक सप्ताह पूर्व संसद भवन में एक व्यक्ति प्रवेश कर रहा था। उसे रोककर पुलिस ने संसद भवन में प्रवेश के लिए जारी पास की जांच की। जांच में संसद भवन में प्रवेश के लिए जारी पास फर्जी पाए जाने पर उस व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर संसद भवन में प्रवेश के लिए फर्जी पास बनाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने पटना में छापेमारी कर सूबे के खनन मंत्री जनकर राम के आप्त सचिव बब्लू आर्या को गिरफ्तार कर लिया। आप्त सचिव को गिरफ्तार करने के बाद इसी मामले में दिल्ली पुलिस ने गोपालगंज शहर के पुरानी चौक में छापेमारी कर साइबर कैफे संचालक महेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गोपालगंज के एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
इस संबंध में गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि संसद भवन में प्रवेश को लेकर फर्जी प्रवेश पत्र बनाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने खनन एवं भूतत्व मंत्री जनक राम के आप्त सचिव तथा एक साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार कर उसे अपने साथ दिल्ली लेकर रवाना हो गई। पुलिस फर्जी पास बनाने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों को चिह्नित करने में जुटी है।