विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार क्रिकेट का एलीट ग्रुप में टिकना मुश्किल? रणजी से महिला क्रिकेट तक हार का सिलसिला

Published: Fri, 23 Oct 2026 02:08 PM (IST)

बिहार क्रिकेट की टीमें एलीट ग्रुप में पहुंचने के बावजूद रणजी से लेकर अंडर-19 तक लगातार हार का सामना कर ...और पढ़ें

ब‍िहार क्र‍िकेट टीम का न‍िराशाजनक प्रदर्शन। सांकेत‍िक तस्‍वीर

ब‍िहार क्र‍िकेट टीम का न‍िराशाजनक प्रदर्शन। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. रणजी ट्रॉफी में बिहार को उत्तर प्रदेश और बड़ौदा से करारी हार।

  2. महिला अंडर-19 टीम मात्र 32 रनों पर सिमटकर शर्मिंदा हुई।

  3. एलीट ग्रुप में बिहार क्रिकेट की टीमें लगातार संघर्ष कर रही हैं।

अक्षय पांडेय, पटना। बिहार क्रिकेट के लिए एलीट ग्रुप का सफर इस बार भी कांटों भरा साबित हो रहा है। प्लेट ग्रुप में शानदार प्रदर्शन के दम पर शीर्ष स्तर (एलीट) में स्थान बनाने वाली टीम लगातार बड़ी हार का सामना कर रही है।

एलीट स्तर की मजबूत चुनौती के सामने राज्य के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों का संघर्ष साफ नजर आ रहा है। रणजी ट्राफी के मौजूदा सत्र में प्रदेश की टीम को पहले उत्तर प्रदेश ने पारी एवं 267 रनों रौंदा। 

वहीं बड़ौदा ने 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। केवल पुरुष सीनियर टीम ही नहीं, बल्कि कर्नल सीके नायडू (अंडर-23) और महिला अंडर-19 क्रिकेट में बड़े खिलाड़ियों के सामने अपनी टीम पस्त नजर आ रही है।

एलीट में हर बार हार का यह सिलसिला बिहार क्रिकेट की प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

कर्नल सीके नायडू अंडर-23 के एलीट वर्ग में पस्त हुआ बिहार

बिहार क्रिकेट के लिए एलीट वर्ग का सफर किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हो रहा है। कर्नल सीके नायडू अंडर-23 टूर्नामेंट में टीम को लगातार दो करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है।

राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गोवा ने बिहार को 174 रनों के बड़े अंतर से रौंद दिया। गोवा के 295 रनों के जवाब में प्रदेश की पहली पारी महज 204 रनों पर ढेर हो गई।

बलांगीर के गांधी स्टेडियम में खेले गए दूसरे चार दिवसीय मुकाबले में ओडिशा ने बिहार को पांच विकेट से धूल चटा दी। बिहार ने पहली पारी में 207 और दूसरी पारी में 389 रन बनाए थे।

लेकिन ओडिशा ने दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 439 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल करते हुए मुकाबला अपनी झोली में डाल लिया।

ताश के पत्तों की तरह ढह 32 पर सिमटी महिला टीम

महिला क्रिकेट टीम ने भी लचर प्रदर्शन कर प्रदेश की निराशा में इजाफा ही किया। नौ अक्टूबर को मुंबई के एमसीए शरद पवार अकादमी (बीकेसी) में उत्तर प्रदेश के खिलाफ बिहार की टीम मात्र 32 रनों पर सिमटकर शर्मिंदगी का शिकार हुई।

हालात इतने दयनीय थे कि छह बल्लेबाज शून्य पर पवेलियन लौट गईं और कोई भी दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकी। यूपी ने 5.1 ओवर में ही दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

हार का यह सिलसिला थमा नहीं; 10 अक्टूबर को इसी मैदान पर उत्तराखंड ने 71 रनों से, 12 अक्टूबर को चंडीगढ़ ने तीन विकेट से और 16 अक्टूबर को कांदिवली के सचिन तेंदुलकर जिमखाना में पंजाब ने छह विकेट से बिहार को करारी मात दी।

मौसम की मेहरबानी और अनमोल के तूफान से खुला खाता

हार के इस घने अंधेरे के बीच वीनू मांकड़ अंडर-19 एलीट वर्ग में इकलौती जीत नसीब हुई, वह भी मौसम के साथ की बदौलत।

पुडुचेरी में 16 अक्टूबर को वर्षा बाधित मैच में अनमोल की 184 रनों की तूफानी पारी के दम पर बिहार ने 46.1 ओवर में 325 रन ठोके। जवाब में हरियाणा की टीम 42.2 ओवर में 288 रन ही बना सकी।

वीजेडी नियम के आधार पर बिहार ने 19 रनों से मैच जीत लिया। हालांकि, पुडुचेरी में ही आठ अक्टूबर को उत्तर प्रदेश (105 रनों से हार), 10 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ (चार विकेट से हार) और उसके बाद पंजाब (24 रनों से हार) के खिलाफ बिहार का पस्त प्रदर्शन बदस्तूर जारी रहा।

एलीट वर्ग की धाकड़ टीमों के आगे बौनी साबित हो रही प्लेट चैंपियन

प्लेट ग्रुप में दो बार चैंपियन बनकर दबदबा दिखाने वाली बिहार की टीम एलीट की दिग्गज टीमों के आगे पूरी तरह बेबस नजर आ रही है।

रणजी ट्राफी के मौजूदा सत्र में घरेलू मैदान पर ही उत्तर प्रदेश ने बिहार को पारी और 267 रनों के विशाल अंतर से कुचल दिया, जिसके बाद बड़ौदा ने भी 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर टीम का मनोबल चकनाचूर कर दिया।

अब आगे बिहार की अग्निपरीक्षा पांच बार की चैंपियन मध्य प्रदेश, तीन बार की विजेता विदर्भ और पिछले सत्र की ट्राफी विजेता जम्मू-कश्मीर से होनी है।

एलीट वर्ग में बिहार का ट्रैक रिकार्ड बेहद निराशाजनक रहा है। 2024-25 के एलीट ग्रुप में टीम को छह शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।

हरियाणा (पारी और 43 रन), मध्य प्रदेश (पारी और 108 रन), उत्तर प्रदेश (पारी और 119 रन), केरल (पारी और 169 रन) और बंगाल (पारी और 138 रन) ने बिहार को बुरी तरह रौंदा था।

कर्नाटक ने भी आठ विकेट से धो डाला था। केवल पंजाब के खिलाफ एक मुकाबला ड्रा हो सका, जिससे टीम महज एक अंक लेकर तालिका में सबसे निचले पायदान पर रेंगती नजर आई थी। इस बार भी टीम का हश्र उसे फिर से प्लेट ग्रुप में खिसकने की राह पर धकेल रहा है।