Bihar Coronavirus: बिहार में फिर मिले कोरोना के छह नए केस, अब तक 6.38 करोड़ को लगा टीका
Bihar Coronavirus News बिहार में फिर मिले कोविड के छह नए संक्रमित अब तक 6.38 लोगों को लगे टीके 15668415 लोगों को दोनों डोज पटना 55.22 लाख टीके के साथ पहले और 362025 टीके के साथ शिवहर अंतिम स्थान पर
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Coronavirus Update News: बिहार में कोरोना के छह नए संक्रमित मिले हैं। इनमें पटना जिले से चार, जमुई से एक तथा किशनगंज से एक संक्रमित शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को जारी रिपोर्ट में बताया कि राज्य में बुधवार और गुरुवार के बीच 145863 कोविड टेस्ट किए गए। जिनमें छह रिपोर्ट पाजिटिव आई हैं। विगत 24 घंटे में पूर्व से संक्रमित रहे छह संक्रमित इस बीच स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में अब सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 29 रह गई है। इधर, देश ने महज 10 महीने में 100 करोड़ लोगों के कोविड टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस 100 करोड़ टीके में बिहार का योगदान 6.38 करोड़ टीके का है। बिहार ने 10 महीने में 63896800 लोगों का टीकाकरण किया है।
कोविन पोर्टल के अनुसार प्रदेश में अब तक 48228385 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली और 15668415 लोगों को दोनों डोज दी जा चुकी है। गुरुवार 21 अक्टूबर को बिहार में 3.31 लाख लोगों का टीकाकरण रात नौ बजे तक किया जा चुका था। बिहार में हुए टीकाकरण में पटना जिला अव्वल स्थान पर है। पटना में अब तक 5522633 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। शेखपुरा जो कि सबसे छोटा जिला है वहां 10 महीने में 362025 लोगों का टीकाकरण किया गया है। प्रदेश सरकार ने जून महीने में टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए एक जुलाई से टीकाकरण का महाभियान चलाने का फैसला किया था। जिसके बाद से अब तक 5.50 करोड़ से अधिक लोगों को सिर्फ चार महीने में टीके दिए गए हैं।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर टीकाकरण के विशेष महाभियान में एक दिन में प्रदेश में 33 लाख लोगों को टीके लगाए गए। इसके पूर्व पांच अगस्त को विशेष अभियान में नौ लाख, 31 अगस्त को 16 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया था। दो अक्टूबर गांधी जयंती पर भी टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया गया जिसमें 30.40 लाख लोगों को एक दिन में कोविड के टीके लगाए गए।