राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के खिलाफ कांग्रेस करेगी सत्याग्रह, प्रदेश अध्यक्ष ने बताया इसे षड्यंत्र
Rahul Gandhi राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के विरोध में रविवार को गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के नीचे बिहार प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पार्टी के नेता सत्याग्रह पर बैठेंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के फैसले को बिहार कांग्रेस ने द्वेषपूर्ण तरीके से की गई कार्रवाई बताया।
इसके विरोध में रविवार को गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के नीचे बिहार प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पार्टी के नेता सत्याग्रह पर बैठेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का आरोप है कि देश में लोकतंत्र की हत्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा उतारू है। ऐसे में जिलों में भी सत्याग्रह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि सत्याग्रह कार्यक्रम में विधायक दल की नेता अजीत शर्मा के साथ पार्टी विधायक, विधान पार्षद, सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, पूर्व पार्षद, एवं सभी वरिष्ठ नेतागण, सभी मोर्चा संगठनों के पदाधिकारीगण, अध्यक्षगण एवं कार्यकर्ता प्रमुखता से भाग लेंगे।
बता दें कि मोदी सरनेम मामले में सूरत कोर्ट से दो साल की सजा मिलने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद की सदस्यता शुक्रवार को खत्म कर दी गई।
लोकसभा के सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार दोपहर 1 बजे पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित किया।
'हिन्दुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है'
इस दौरान उन्होंने कहा- मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। इसके उदाहरण हम आए दिन देख रहे हैं।
मैंने संसद में पीएम मोदी और अदाणी के रिश्तों को लेकर सवाल पूछा, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया गया। इसके हमें रोज नए-नए उदाहरण मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''मैंने संसद में सबूत दिए, अदाणी और PM मोदी के रिश्ते के बारे में बोला। अदाणी को नियमों में बदलाव करके एयरपोर्ट दिए गए, इस पर मैंने संसद में बात की। मैंने अदाणी पर केवल एक सवाल पूछा था... मैं सवाल पूछना जारी रखूंगा और भारत में लोकतंत्र के लिए लड़ूंगा।''