बिहार कांग्रेस ने गिरिराज सिंह को चेताया, 'राहुल गांधी पर अनाप-शनाप न बोलें'
केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह को बिहार कांग्रेस ने कड़ी चेतावनी दी है। कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि राहुल गांधी पर संभल कर बोलें गिरिराज सिंह।
पटना [जेएनएन] : बिहार कांग्रेस के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। बीजेपी पर पार्टी नेताओं का हमला जारी है। बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने बीजेपी के फायर ब्रिगेड नेता व केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह पर जबर्दस्त पलटवार किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने कड़ी चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी के खिलाफ अनाप-शनाप बयान देने से गिरिराज सिंह बाज आएं।
बिहार कांग्रेस के कौकब कादरी ने केंद्रीय राज्यमंत्री को चेताते हुए कहा कि यदि इसी तरह का बयान गिरिराज सिंह देते रहें तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। जगह-जगह कांग्रेस की ओर से उनका विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता किसी से छिपी हुई नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी देश भर के युवाओं व आम जनता के हीरो हैं। तीनों राज्यों में मिली जीत से उनका कद काफी बढ़ा है। ऐसे में बीजेपी उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गयी है और गलत बयानबाजी कर रही है। लेकिन यह चलनेवाला नहीं है।
गौरतलब है कि केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर बरस पड़े। उन्होंने खासकर राफेल मामले को राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि वे सदन से लेकर सड़क तक राफेल पर अपने बयान बदलते रहे हैं। अब चुनाव आयोग को भी ऐसी राजनीतिक पार्टियों पर सोचना चाहिए, जो चुनाव जीतने के लिए इस तरह के झूठे अफवाह से जनता को भ्रमित करती हैं। इसी के बाद शनिवार को कांग्रेस के कौकब कादरी ने गिरिराज सिंह पर पलटवार ही नहीं किया, बल्कि कड़ी चेतावनी भी दी।