बिहार कांग्रेस को दिवाली बाद बड़ा तोहफा, पार्टी को मिलेगा नया अध्यक्ष
बिहार में कांग्रेस में अब स्थायी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंथन में जुटी है। दीपावली के बाद पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर एक बार फिर कयासों का बाजार गर्म है। कांग्रेस का एक तबका इस बात का दावा कर रहा है कि संगठन के स्थायी अध्यक्ष का फैसला अगले महीने तक हो जाएगा।
हालांकि दूसरा पक्ष इस बात से इंकार कर रहा है। इस पक्ष की दलील है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी के बाद ही बिहार कांग्रेस के बारे में आलाकमान किसी नतीजे पर पहुंचेगा।
बिहार कांग्रेस में घमासान देखने के बाद कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व कोई फैसला लेने के पहले हर पहलू को ठोंक बजाकर देख लेना चाहता है। कहा जा रहा है कि पार्टी बिहार के संबंध में अंतिम फैसला लेने के पहले यह भी देखेगी कि राजद के साथ किस पार्टी नेता के संबंध बेहतर हैं।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी को विदा करनेे के साथ ही आलाकमान ने प्रदेश उपाध्यक्ष कौकब कादरी को कार्यकारी व्यवस्था के तहत बिहार का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। अब पार्टी स्थायी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंथन में जुटी है। सूत्र बताते हैं कि पार्टी प्रमुख रूप से तीन नामों पर विचार कर रही है।
जिन नामों की चर्चा है उनमें एक नेता के नाम पर पार्टी के के अंदर कोई मतभेद नहीं। ये पार्टी के पुराने नेता हैं और अमूमन विवादों से दूर रहना इन्हें पसंद है। दूसरे जिस नाम की चर्चा है उन्हें राजद प्रमुख का काफी करीबी माना जाता है।
एक अन्य नाम जिसे लेकर चर्चा है वे पूर्व में भी बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। फिलहाल पार्टी में राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं। देखना यह होगा कि कांग्रेस आलाकमान बिहार के बारे में अंतिम फैसला कब ले पाती है।