विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कलश स्थापना से लेकर मेट्रो निरीक्षण तक, नवरात्र के पहले दिन ऐसी रही CM सम्राट चौधरी की गत‍िव‍िध‍ियां

Published: Sun, 11 Oct 2026 03:37 PM (IST)

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकसेवक आवास में कलश स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना की और बिहारवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

कलशस्‍थापना के समय पत्‍नी के साथ पूजा करते सीएम सम्राट चौधरी। सौ-एक्‍स

कलशस्‍थापना के समय पत्‍नी के साथ पूजा करते सीएम सम्राट चौधरी। सौ-एक्‍स

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शारदीय नवरात्र पर की मां दुर्गा की पूजा।

  2. बिहारवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

  3. पटना में विकास कार्यों का निरीक्षण, जेपी जयंती पर माल्यार्पण।

डिजिटल डेस्क, पटना। शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही पूरा प्रदेश मां दुर्गा की भक्ति में लीन हो गया है। रविवार को अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए पर्याप्त समय मिला।

आम से लेकर खास तक ने विधि-विधान से मां भगवती की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पहले दिन अपने आवास लोकसेवक आवास में सपत्नी कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने पूजा की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। तस्वीरों में वह अपनी धर्मपत्नी के साथ देवी दुर्गा की आराधना करते नजर आ रहे हैं।

उन्होंने पोस्ट में लिखा कि शारदीय नवरात्र के पावन प्रथम दिवस पर लोकसेवक आवास में विधिवत कलश स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना की।

CM 2

बिहारवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से समस्त बिहारवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने अपने संदेश के अंत में 'जय मां भवानी! जय मां दुर्गे!' लिखकर प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामना दी। 

नवरात्र के पहले दिन पूजा-अर्चना के साथ मुख्यमंत्री का दिन प्रशासनिक और विकास कार्यों के निरीक्षण में भी बीता। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और राजधानी में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

जेपी जयंती पर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद उन्होंने राजधानी के नेहरू पथ (बेली रोड) पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति भी देखी। कई अन्‍य नेताओं ने भी नवरात्र के पहले दिन विशेष पूजा-अर्चना की।