'वो बेचारे हैं...', सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर पर साधा निशाना; बांकीपुर में हार पर बोले- हमसे गलती हुई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर के लगातार हमलों पर पलटवार करते हुए उन्हें 'बेचारा' कहा। उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव में ...और पढ़ें

सीएम ने प्रशांत किशोर के हमलों का किया पलटवार। फाइल फोटो
HighLights
सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को 'बेचारा' बताया।
बांकीपुर उपचुनाव में हार को भाजपा की गलती माना।
व्यक्तिगत राजनीति में विश्वास नहीं रखते, कोर्ट जाने की सलाह।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर के लगातार हमलों पर पलटवार किया है। बांकीपुर उपचुनाव के दौरान प्रशांत किशोर की ओर से उन्हें निशाना बनाए जाने के सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "वो बेचारा है, उन्हें जो करना है करने दीजिए।"
न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह व्यक्तिगत राजनीति में विश्वास नहीं रखते। अगर किसी के पास उनके खिलाफ कोई बात है तो वह अदालत का रुख कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लोग सुप्रीम कोर्ट तक जाते हैं, इसलिए जो भी मामला है उसका फैसला अदालत को करने देना चाहिए।
सम्राट चौधरी ने कहा कि वह बिहार में काम करने के लिए आए हैं। किसी को उनके खिलाफ शिकायत है तो वह कोर्ट जाए। संविधान हर व्यक्ति को न्यायालय जाने का अधिकार देता है और उन्हें किसी के अदालत जाने से कोई परेशानी नहीं है।
कई बार सम्राट को निशाना बना चुके हैं प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर पिछले कई महीनों से सम्राट चौधरी पर हमलावर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की शैक्षणिक योग्यता, नाम और राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर सवाल उठाए हैं। वर्ष 2025 में किशोर ने सम्राट चौधरी पर 1995 के तारापुर हत्याकांड से जुड़ा गंभीर आरोप भी लगाया था और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बाद उन्होंने सम्राट के नाम और शैक्षणिक रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठाए। अप्रैल 2026 में सम्राट के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी दोनों के बीच बयानबाजी जारी रही। बांकीपुर उपचुनाव के दौरान भी प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी को अपने निशाने पर रखा था।
बांकीपुर में हार पर बोले- हमसे गलती हुई
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा की हार को लेकर भी सम्राट चौधरी ने इसे पार्टी की गलती माना। उन्होंने कहा कि भाजपा इस नतीजे का आत्ममंथन कर रही है। एक सीट पर पार्टी की हार को चिंता का विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन इस पर विचार करेगा और कमियों को दूर करने की कोशिश की जाएगी।
हालांकि, उन्होंने बांकीपुर के नतीजे को पूरे बिहार का जनादेश मानने से इनकार किया। सम्राट ने कहा कि एक विधानसभा सीट का उपचुनाव पूरे राज्य की राजनीतिक तस्वीर नहीं बताता। बिहार का जनादेश अलग-अलग क्षेत्रों के परिणामों को मिलाकर तय होता है।
उन्होंने पुराने चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि उपचुनाव में हार के बावजूद किसी दल को बाद में बड़े जनादेश मिल सकते हैं। इसलिए बांकीपुर के परिणाम को पूरे बिहार के मूड के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
