जनसंख्या नियंत्रण के मसले पर बोले बिहार के सीएम नीतीश कुमार, स्वतंत्रता दिवस पर बताया अपना प्लान
Bihar Politics पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण कानून के मसले पर बड़ी बात कह दी है। उन्होंने इस बारे में अपना प्लान भी बताया। नीतीश कुमार ने चीन का उदाहरण भी दिया।
पटना, जागरण टीम। Bihar News: पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण के मसले पर बड़ी बात कही। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए किसी प्रतिबंध की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि बगैर कोई कानून बनाए इस दिशा में काम किया जा सकता है। आपको बता दें कि बिहार में इस मसले को लेकर खूब राजनीति होती रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेता कहते रहे हैं कि एक खास तबके के लोग आबादी तेजी से बढ़ा रहे हैं। इससे देश के संसाधनों पर तो दबाव बढ़ ही रहा है, कुछ इलाकों की डेमोग्राफी भी तेजी से बदल रही है।
नीतीश कुमार बोले- असली उपाय लड़कियों को पढ़ाना
सीएम नीतीश बोले जनसंख्या पर प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं। असली चीज है कि लोगों को पढ़ाएं। बिहार में प्रजनन दर 2.9 है। जागरूकता आएगी। बालिका शिक्षा बढ़ेेगी तो यह घटकर दो प्रतिशत पर आ जाएगी। इसके लिए कुछ करने की जरूरत नहीं है। चीन ने क्या किया। जनसंख्या घटने लगी तो अभी फिर से तीन प्रतिशत करना पड़ा।
बिहार के सीमांचल में आबादी के स्वरूप में बदलाव
भाजपा और संघ के लोग हमेशा यह सवाल उठाते रहे हैं कि बंगाल से सटते बिहार के सीमावर्ती जिलों में एक खास तबके की आबादी तेजी से बढ़ रही है। एक समुदाय कुछ इलाकों में अपना दबदबा कायम करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से आबादी बढ़ा रहा है। हालांकि, बिहार में लंबे समय से सत्ता में काबिज जदयू के नेता इस बात से इनकार करते हैं। बिहार के दूसरे राजनीतिक दलों की राय भी जदयू की तरह ही है।
भाजपा और जदयू के बीच इस मसले पर रहा है टकराव
जनसंख्या नियंत्रण के मसले पर भाजपा और जदयू की राय हमेशा से जुदा रही है। भाजपा सरकार में रहकर भी यह मसला उठाती रही है। जदयू के नेता कहते रहे हैं कि बिहार में बालिकाओं में शिक्षा का स्तर सुधरने के बाद जनसंख्या वृद्धि की समस्या खुद ब खुद हल हो रही है।