Bihar Chunav 2020: बेनीपट्टी के निर्दलीय प्रत्याशी नीरज झा की कोविड-19 से पटना के एम्स में मौत
Bihar Chunav 2020 नीरज कुमार झा मधुबनी जिले के बेनीपट्टी से निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ रहे थे। उनके चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो रहा था। क्षेत्र में लोकप्रिय थे। उनकी मौत की खबर से समर्थकाें में निराशा है। पढि़ए पूरी खबर ।
पटना, जेएनएन। Bihar Chunav 2020: मधुबनी जिला के बेनीपट्टी विधान सभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी नीरज कुमार झा की आज कोविड-19 से मौत हो गई। नीरज झा ने एम्स, पटना में अंतिम सांस ली। वे पिछले एक सप्ताह से एम्स, पटना में भर्ती थे। नीरज झा लंबे समय से जदयू के जिला उपाध्यक्ष थे। इस चुनाव में बेनीपट्टी से टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने पार्टी से बगावत कर दी थी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। आज सात नवंबर, शनिवार को तीसरे चरण के विधान सभा चुनाव में बेनीपट्टी में भी मतदान चल रहा है। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित होना है।
एम्स, पटना के कोरोना नोडल पदाधिकारी डॉ: संजीव कुमार ने बताया कि कोरोना के अलावा नीरज कुमार झा मधुमेह से भी पीडि़त थे। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी। लेकिन, देर रात इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।
बेनीपट्टी में थे लोकप्रिय
नीरज कुमार झा लंबे समय तक जदयू नेता रहे थे। इस इलाके में वे खासे लोकप्रिय थे। बता दें कि इस बार विधान सभा चुनाव में बेनीपट्टी सीट से 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं । यहां से भाजपा के टिकट पर पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा और कांग्रेस से भावना झा आमने-सामने हैं। भावना झा वर्तमान में यहां से विधायक हैं। पिछले चुनाव में भावना झा ने विनोद नारायण झा को हराया था। नीरज को उम्मीद थी कि इस बार उन्हें जदयू से यहां लड़ने का मौका मिलेगा। मगर बेनीपट्टी सीट भाजपा के कोटे में जाने से नीरज ने पार्टी से बगावत कर दिया था और यहां से निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में जोर आजमाईश कर रहे थे।
समर्थकों में निराशा
इस सीट से 2010 में भाजपा ने बाजी मारी थी। मगर 2015 में यह सीट कांग्रेस के कब्जे में चली गई। इस बार जदयू नेता रहे नीरज के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो रहा था। नीरज झा की इलाके में खासी लोकप्रियता है। मगर इसी बीच उनके निधन की खबर से समर्थकों में निराशा है। निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार बेनीपट्टी में सुबह 11 बजे तक 21.3 प्रतिशत और दोपहर एक बजे तक 33.7 प्रतिशत मतदान हुआ था। लोगों में मतदान के प्रति उत्साह दिख रहा था।