बिहार चुनाव 2020ः लालू-राबड़ी आवास में निकला पांच फीट लंबा सांप, मारने पर JDU बोली- कर दिया अशुभ
Bihar Chunav 2020ः बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर काला सांप निकलने की सूचना सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गई है। सांप निकलने और उसे मारने की सूचना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा की 243 सीटों को लेकर जारी चुनाव का आज आखिरी दिन है। शनिवार को अंतिम चरण में 78 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद राजनीतिक दल जीत-हार को लेकर कयास लगाने लगे हैं। इस बीच बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर काला सांप निकलने की सूचना सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गई है। जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) प्रवक्ता अजय आलोक ने सांप को मारने की घटना को पाप करार दिया है।
सर्कुलर रोड पर है लालू-राबड़ी का सरकारी आवास
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू यादव व राबड़ी देवी का राजधानी के सर्कुलर रोड पर सरकारी आवास है। इसी घर में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव रहते हैं। बताया जाता है कि उनके आवास पर शुक्रवार को करीब पांच फीट लंबा काला सांप दिखा। सुरक्षाकर्मियों के द्वारा दी गई सूचना मिलने पर घर में हड़कंप मच गया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद सांप को मार दिया गया। सांप निकलने और उसे मारने की सूचना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं।
जेडीयू ने ली चुटकी, नहीं करनी चाहिए जीव हत्या
राबड़ी देवी आवास पर सांप को मारने को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रवक्ता अजय अलोक ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि सांप को मारने के मामले में टिप्पणी तो नहीं करना चाहता पर मेरा मन दुखी हो गया है। सांप को मारना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। जीव हत्या तो वैसे भी पाप है। उन्होंने कहा कि अगर वन विभाग को सांप निकलने की जानकारी दी जाती तो शायद जीव हत्या होने से बच जाती। इंटरनेट मीडिया पर भी लालू यादव और राबड़ी देवी के आवास पर सांप निकलने की सूचना पर चर्चा छिड़ गई है। यूजर भी इसको लेकर शुभ-अशुभ पर बातें कर रहे हैं।