विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना से वैशाली तक छापामारी, भवन निर्माण निगम के GM के पास मिली 3.12 करोड़ की संपत्ति, 16 खातों में 25.86 लाख फ्रीज

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:39 PM (IST)

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक कमलेश कुमार के पटना और वैशाली स्थित ...और पढ़ें

राजीव नगर में ढाई कट्ठा जमीन पर G+4 मकान

राजीव नगर में ढाई कट्ठा जमीन पर G+4 मकान

HighLights

  1. जीएम कमलेश कुमार के चार ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी।

  2. 3.12 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा।

  3. 16 बैंक खातों में 25.86 लाख रुपये फ्रीज किए गए।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के पटना और वैशाली स्थित चार ठिकानों पर छापेमारी की। टीम ने वैशाली के जंदाहा स्थित पैतृक आवास, पटना के एसके पुरी और राजीव नगर स्थित आवास और भवन निर्माण निगम के कार्यालय में तलाशी ली।

ईओयू के अनुसार, जांच में जीएम के पास 3.12 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है। यह उनकी ज्ञात आय से 103 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले की जानकारी भवन निर्माण विभाग को भी दी गई है।

16 बैंक खातों में मिले 25.86 लाख रुपये

तलाशी के दौरान जीएम और उनके नजदीकी स्वजन के नाम पर एसबीआइ, आइसीआइसीआइ और एचडीएफसी बैंक के कुल 16 खातों का पता चला। इन खातों में जमा 25 लाख 86 हजार रुपये को ईओयू ने फ्रीज करा दिया है।

जांच टीम ने संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले हैं। ईओयू के अनुसार, आगे की जांच में संपत्तियों और निवेश के अन्य विवरण सामने आ सकते हैं।

वैशाली में दो मकान, इनोवा क्रिस्टा भी मिली

ईओयू की छापेमारी में वैशाली के जंदाहा में दो मकानों का पता चला। इनमें सर्वोदय मैदान गांव में एक ग्राउंड प्लस दो मंजिला मकान है, जबकि दूसरा आवासीय मकान निर्माणाधीन है।

तलाशी के दौरान एक इनोवा क्रिस्टा गाड़ी भी मिली है। ईओयू के अनुसार, वाहन के बेनामी होने की संभावना की भी जांच की जा रही है।

राजीव नगर में ढाई कट्ठा जमीन पर G+4 मकान

पटना के राजीव नगर स्थित रोड नंबर 25 सी में करीब ढाई कट्ठा जमीन पर बने जी प्लस चार मंजिला मकान का भी पता चला है। ईओयू ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य कागजात की जांच शुरू की है।

इसके अलावा जीएम के बेटे के निजी मेडिकल कालेज में पढ़ाई करने की जानकारी भी जांच एजेंसी को मिली है। इसमें बड़ी राशि खर्च होने का अनुमान जताया गया है।

एलआइसी निवेश और ज्वेलरी के दस्तावेज भी मिले

तलाशी के दौरान एलआइसी और अन्य बीमा कंपनियों में निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही ज्वेलरी खरीद से संबंधित कागजात भी ईओयू के हाथ लगे हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, इन सभी संपत्तियों, निवेश और खर्च का विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है।

विस्तृत जांच के बाद बढ़ सकता है संपत्ति का आंकड़ा

ईओयू के अनुसार, मामले में विस्तृत जांच और संपत्तियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद प्राथमिकी में दर्ज आय से अधिक संपत्ति की राशि में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

ईओयू ने जीएम कमलेश कुमार के विरुद्ध दर्ज मामले और आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी जानकारी भवन निर्माण विभाग को भी उपलब्ध करा दी है।