बिहार के लाल ईशान किशन ने धौनी की तरह रणजी में किया कमाल, जानिए
पटना के रहने वाले ईशान किशन ने झारखंड की ओर से खेलते हुए सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच में किशन ने शानदार डबल सेंचुरी लगाई है।
पटना [जेएनएन]। रणजी के लीग मैच में बिहार के लाल का बल्ला इन दिनों आग उगल रहा है। भारत के अंडर 19 टीम के कप्तान और पटना के रहने वाले ईशान किशन ने झारखंड की ओर से खेलते हुए वो कारनामा कर दिखाया, जो धोनी जैसे दिग्गज भी नहीं कर सके।
ईशान के बल्ले ने झारखंड की तरफ से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ ऐसा आग उगला की पुराने सारे रिकॉर्ड धरे के धरे रह गए। झारखंड और दिल्ली के बीच चल रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच में किशन ने शानदार डबल सेन्चुरी लगाई। ये झारखंड की ओर से खेली गई अब तक की किसी भी खिलाड़ी की सबसे लंबी इनिंग है।
ईशान किशन ने 273 रन की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने अपनी डबल सेन्चुरी में 14 छक्के भी जड़े और रणजी मैच की एक इनिंग में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने की रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके अलावा ईशान झारखंड रणजी टीम की तरफ से 250 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
ईशान से पहले हिमाचल प्रदेश के क्रिकेटर शक्ति सिंह ने 1990 में अपनी 128 रन की इनिंग में 14 छक्के लगाए थे। किशन ने अपनी मैराथन पारी के दौरान 336 बॉल का सामना करते हुए 273 रन बनाये जो कि रणजी में झारखंड के किसी भी खिलाड़ी की तरफ से खेली गई सबसे लंबी इनिंग है। 273 रन के स्कोर में ईशान ने मैदान के चारो ओर शॉट्स लगाते हुए इनिंग में 21 चौके भी लगाए. ईशान भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम के कैप्टन हैं और पटना के ही रहने वाले हैं।