Bihar Board 10th-12th के दस्तावेज अब DigiLocker पर, घर बैठे ऐसे डाउनलोड करें मार्कशीट और प्रमाणपत्र
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2026 की मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं के शैक्षणिक दस्तावेज अब DigiLocker पर उपलब्ध करा दिए ...और पढ़ें

पुराने सालों के दस्तावेज भी जल्द होंगे उपलब्ध
HighLights
2026 के मैट्रिक-इंटर दस्तावेज DigiLocker पर उपलब्ध कराए गए।
विद्यार्थी घर बैठे मार्कशीट और प्रमाणपत्र आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे।
DigiLocker से जारी दस्तावेज मूल के बराबर मान्य होंगे।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2026 में हुई मैट्रिक और इंटर परीक्षा के शैक्षणिक दस्तावेज DigiLocker पर उपलब्ध करा दिए हैं। अब विद्यार्थी अपनी मार्कशीट, प्रमाणपत्र और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज मोबाइल या कंप्यूटर से कभी भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके लिए उन्हें स्कूल या बोर्ड कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। बिहार बोर्ड अध्यक्ष डा. त्यागराजन एसएम ने इसकी जानकारी दी है।
पुराने सालों के दस्तावेज भी जल्द होंगे उपलब्ध
बिहार बोर्ड ने बताया कि 2026 से पहले आयोजित परीक्षाओं के शैक्षणिक दस्तावेज भी जल्द DigiLocker पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इनमें विद्यार्थियों की मार्कशीट और प्रमाणपत्र शामिल होंगे। इससे पुराने बैच के विद्यार्थियों को भी डिजिटल दस्तावेज की सुविधा मिलेगी। संबंधित जानकारी बोर्ड की ओर से समय-समय पर साझा की जाएगी।
DigiLocker का दस्तावेज माना जाएगा मूल के बराबर
DigiLocker से जारी शैक्षणिक दस्तावेज सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2000 के तहत मूल दस्तावेज के समकक्ष मान्य हैं। ऐसे में विद्यार्थी नामांकन, छात्रवृत्ति, नौकरी और दूसरी जरूरी प्रक्रियाओं में इन डिजिटल दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इससे कागजी दस्तावेज साथ रखने की जरूरत भी कम होगी। डिजिटल सत्यापन की प्रक्रिया भी आसान हो सकेगी।
दस्तावेज खोने या खराब होने की चिंता होगी कम
DigiLocker में दस्तावेज सीधे बिहार बोर्ड जैसे जारीकर्ता संस्थान से प्राप्त होंगे। इससे उनकी प्रामाणिकता जांचने में सुविधा होगी।
मार्कशीट या प्रमाणपत्र खो जाने, फटने या खराब होने की स्थिति में डिजिटल प्रति उपलब्ध रहेगी। फर्जी दस्तावेज की पहचान और सत्यापन में भी यह व्यवस्था मददगार होगी।
नामांकन से नौकरी तक कई काम होंगे आसान
उच्च शिक्षा में नामांकन के दौरान दस्तावेज तुरंत उपलब्ध कराए जा सकेंगे। छात्रवृत्ति और नौकरी के आवेदन में भी डिजिटल प्रमाणपत्र काम आएगा।
जरूरत पड़ने पर संबंधित संस्थान दस्तावेज का सत्यापन कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों का समय और भागदौड़ दोनों बचेंगे।
ऐसे डाउनलोड करें Bihar Board का दस्तावेज
DigiLocker की वेबसाइट या मोबाइल एप खोलें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर से साइन अप या लॉग इन करें। इसके बाद 'जारी दस्तावेज' या 'सर्च दस्तावेज' विकल्प चुनें।
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड का चयन करें और 10वीं या 12वीं का संबंधित दस्तावेज चुनें। रोल कोड, रोल नंबर और वर्ष 2026 जैसी जरूरी जानकारी भरकर विवरण सत्यापित करें। प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल मार्कशीट या प्रमाणपत्र DigiLocker में मिल जाएगा।
ऐसे प्राप्त करें डिजी लकार पर दस्तावेज
- डिजी लाॉकर की वेबसाइट पर जाएं या मोबाइल एप डाउनलोड करें
- आधार से सत्यापित मोबाइल नंबर के माध्यम से साइन अप या लाग इन करें
- जारी दस्तावेज या या सर्च दस्तावेज विकल्प पर जाएं।
- बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड का चयन करें
- कक्षा 10वीं या 12वीं का संबंधित दस्तावेज चुनें
- रोल कोड, रोल नंबर और वर्ष 2026 जैसी आवश्यक जानकारी दर्ज करें
- विवरण सत्यापित करने के बाद अपना डिजिटल दस्तावेज प्राप्त करें
