MCD चुनाव में जीत पर बोली BJP, मोदी के प्रति भरोसे को मिला वोट
एमसीडी चुनाव में जीत का श्रेय बिहार भाजपा के नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति बढ़ते भरोसे को दिया है। उनके अनुसार दिल्ली की जनता ने लालू-नीतीश को नकार दिया है।
पटना [जेएनएन]। दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत पर बिहार भाजपा के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने इस जीत का श्रेय नरेंद्र मोदी के प्रति बढ़ते भरोसे को दिया है तो भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि इस चुनाव में जनता ने नीतीश कुमार को नकार दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के निरंतर बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। दिल्ली वालों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब कल्याण के लिए चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यों का समर्थन किया है। दिल्ली के वोटरों ने केंद्र सरकार की नीतियों और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कुशल नेतृत्व पर विश्वास की मुहर लगा दी है।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव में BJP की जीत पर बोले सुशील मोदी, दिल्ली के बिहारियों ने नीतीश को नकारा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेन ने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में वहां की जनता ने लालू यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पूरी तरह नकार दिया है। साथ ही लोगों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों की स्वीकार्यता बढ़ती ही जा रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजद और जदयू को अपनी नकारात्मक राजनीति के कारण एक भी सीट नहीं मिल सकी। यह साबित करता है कि बिहार से बाहर रहने वाले बिहारी महागठबंधन की नीतियों के खिलाफ हैं।
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव नतीजों पर मांझी का तंज, मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद करें नीतीश