विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उम्र नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा, बिहार में जीविका दीदियों को 10वीं-12वीं पास कराने की पहल

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:59 PM (IST)

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) ने जीविका दीदियों को 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल करने का निर्णय लिया है।

जीविका दीदियों के लिए शिक्षा का नया सवेरा, बीबोस दिलाएगा 10वीं-12वीं की डिग्री (AI Generated Image)

जीविका दीदियों के लिए शिक्षा का नया सवेरा, बीबोस दिलाएगा 10वीं-12वीं की डिग्री (AI Generated Image)

HighLights

  1. बीबोस जीविका दीदियों को 10वीं-12वीं की परीक्षा में शामिल करेगा।

  2. महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर मिलेंगे।

  3. अध्ययन केंद्रों को मजबूत करने और नए केंद्र खोलने पर जोर।

जागरण संवाददता, पटना। शिक्षा से वंचित रह गई महिलाओं के लिए अब अधूरी पढ़ाई पूरी करने का रास्ता खुल गया है। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस), जीविका दीदियों को 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल करने का निर्णय लिया है।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा से जोड़कर उनके लिए आगे की पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का रास्ता आसान करना है।

बीबोस के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी मानस मिलिंद ने गोगल सिंह इंटर स्तरीय विद्यालय, नयागांव, सोनपुर में जीविका की ओर से संचालित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध पुस्तकें, कंप्यूटर, इंटरनेट और समाचार पत्र जैसी सुविधाओं का जायजा लिया गया।

लाइब्रेरी को जीविका दीदियों के मार्गदर्शन के लिए फैसिलिटेशन सेंटर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

इसके बाद सिद्धि जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति, गोपालपुर में जीविका दीदियों के साथ संवाद किया गया। मानस मिलिंद ने बीबोस में नामांकन, परीक्षा की प्रक्रिया और शिक्षा पूरी करने से मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने दीदियों को अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया। दीदियों ने भी शिक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

सारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत कुमार और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा मीनू कुमारी के साथ अध्ययन केंद्रों को सुदृढ़ करने और नए केंद्र खोलने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने अधिकाधिक नामांकन और केंद्रों को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में एजुकेट गर्ल्स के नीरज, प्रकाश सिंह व रितु देवी, प्रथम के प्रमोद शाह, सिद्धि जीविका के जितेंद्र कुमार और बीपीएम जीविका स्वाति सहित अन्य की सक्रिय सहभागिता रही।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में जीविका दीदियों से करोड़ों की ठगी मामले में सुनवाई, एसडीओ कोर्ट ने मांगी बैंक से रिपोर्ट

यह भी पढ़ें- बिहार में खनन बंद होने के बाद भी मिलेगी स्थायी आजीविका, जिला खनिज फाउंडेशन नियमावली 2026 मंजूर