विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में लगातार 5 दिन बैंकिंग सेवा पर असर! 26 से 30 सितंबर तक ऐसे प्रभावित हो सकता है कामकाज

Published: Sat, 19 Sep 2026 09:18 PM (IST)

बैंक यूनियनों की 28-30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल और सप्ताहांत अवकाश के कारण बिहार में लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

ब‍िहार में पांच द‍िनों तक प्रभाव‍ित हो सकती हैं बैंक‍िंग सेवाएं। सांकेत‍िक तस्‍वीर

ब‍िहार में पांच द‍िनों तक प्रभाव‍ित हो सकती हैं बैंक‍िंग सेवाएं। सांकेत‍िक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, पटना। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित बैंक हड़ताल को लेकर केंद्र सरकार सतर्क हो गई है।

हड़ताल से पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश है। ऐसे में मांगों पर सकारात्मक समझौता नहीं होने की स्थिति में बिहार में लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवा प्रभावित हो सकती है।

बिहार में लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकती है बैंकिंग सेवा

इसे देखते हुए वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और नाबार्ड के शीर्ष प्रबंधन की बैठक 21 सितंबर को बुलाई है।

बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्रालय के सचिव करेंगे। इसमें हड़ताल की अवधि में ग्राहकों को निर्बाध बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराने और आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।

बैंकों में नकदी, डिजिटल बैंकिंग और जरूरी सेवाओं को सुचारू रखने की तैयारी पर भी मंथन होने की संभावना है।

21 को वित्त सचिव, 22-23 को समझौता वार्ता

आल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कंफेडरेशन के वरीय उपाध्यक्ष अमरेश विक्रमादित्य ने बताया कि हड़ताल से पहले वार्ता की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

21 सितंबर को वित्त सचिव ने विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया है। वहीं, 22 और 23 सितंबर को केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त के समक्ष इंडियन बैंक एसोसिएशन, बैंक प्रबंधन, बैंक यूनियनों और वित्त मंत्रालय के प्रतिनिधियों के बीच समझौता वार्ता प्रस्तावित है।

आल इंडिया बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने शनिवार को बताया कि केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त ने संबंधित पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया है। यूनियनों को उम्मीद है कि वार्ता के माध्यम से लंबित मुद्दों पर समाधान का रास्ता निकलेगा।

इन मांगों को लेकर हड़ताल

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, पीएलआइ का बिना भेदभाव भुगतान, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति और प्रोन्नति, आइडीबीआई बैंक के विदेशीकरण पर रोक तथा पेंशन अपडेशन समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं।

इस तरह यदि हड़ताल से पहले समझौता नहीं होता है तो 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है।

हालांकि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और अन्य इलेक्ट्रानिक सेवाओं की उपलब्धता अलग-अलग बैंकों की व्यवस्था पर निर्भर करेगी।

पांच दिन ऐसे प्रभावित होगा बैंकिंग कारोबार

  1. 26 सितंबर : चौथा शनिवार—बैंक अवकाश
  2. 27 सितंबर : रविवार—साप्ताहिक अवकाश
  3. 28 सितंबर : हड़ताल का पहला दिन
  4. 29 सितंबर : हड़ताल का दूसरा दिन
  5. 30 सितंबर : हड़ताल का तीसरा दिन