Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: तेजस्वी यादव ने CM नीतीश पर लगाई आरोपों की झड़ी, कहा- 'चाचा जाने क्यों बिदक गए'

    राजद के प्रदेश कार्यालय में ‘बदलो बिहार कार्यकर्ता मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अगले साल बिहार में होने वाले चुनाव में गठबंधन की जीत का दावा किया। साथ ही सतीश को पार्टी के पुराने साथियों को जोड़ने का भी टास्क दिया। इस दौरान उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने उन्हें जितना सम्मान दिया कोई और नहीं देगा।

    By Vikash Chandra Pandey Edited By: Divya Agnihotri Updated: Mon, 25 Nov 2024 08:28 AM (IST)
    Hero Image
    तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर साधा निशाना

    राज्य ब्यूरो, पटना। पूर्व विधायक सतीश कुमार के राजद में शामिल होने के उपलक्ष्य में शनिवार को राजद के प्रदेश कार्यालय में ‘बदलो बिहार कार्यकर्ता मिलन समारोह’ का आयोजन हुआ। उद्घाटन के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने झारखंड में जीत का हवाला देते हुए अगले वर्ष बिहार में भी महागठबंधन की जीत का दावा किया। तेजस्वी यादव ने सतीश को बिहार में राजनीतिक परिवर्तन का सूत्रधार बताते हुए उन्हें पुराने साथियों को राजद से जोड़ने का टास्क दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं नौजवानों को अपने साथ लाऊंगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उल्लेखनीय है कि सतीश तीन बार विधायक रहे हैं। 1994 में उनके द्वारा आयोजित कुर्मी चेतना रैली से बिहार की राजनीति की दिशा ही बदल गई। कार्यकर्ताओं ने आयकर गोलंबर पर ही तेजस्वी का स्वागत किया और वहां से जुलूस के स्वरूप में राजद कार्यालय तक उन्हें लेकर आए। प्रदेश के प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, प्रदेश महासचिव प्रमोद राम व प्रदीप मेहता आदि उपस्थित रहे।

    बिहार बदलाव चाहता है

    तेजस्वी ने कहा कि हमारी पार्टी ए-टू-जेड तथा माय और बाप दोनों की पार्टी है। उप चुनाव के परिणाम से परेशान नहीं होना है। बिहार बदलाव चाहता है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सत्ता में वापसी नहीं होनी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार को विशेष दर्जा नहीं मिला। बाढ़ में विशेष पैकेज नहीं मिला। डबल इंजन की सरकार में एक भ्रष्टाचार में तो दूसरा अपराध में लिप्त है। महंगाई-बेरोजगारी से जनता त्रस्त है। बिहार की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और पलायन है।

    बीजपी पर आरक्षण रोकने का आरोप

    तेजस्वी ने कहा कि अवसर मिलने पर हमने नौकरियां दीं। आरक्षण के दायरे को बढ़ाकर 65 प्रतिशत किया। आरक्षण विरोधी भाजपा के इशारे पर कोर्ट में चुनौती देकर उसे रोक दिया गया। इससे पिछड़ा, अति पिछड़ा, अनुसूचित जाति और जनजाति को 16 प्रतिशत से अधिक का घाटा हो रहा है। आरक्षण में कटौती कतई बर्दाश्त नहीं होगी।

    स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट चीटर

    तेजस्वी ने कहा कि प्रदेश में अराजकता की स्थिति है। स्मार्ट मीटर से आर्थिक शोषण हो रहा। यह स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट चीटर है। भूमि सर्वेक्षण के बहाने जनता को परेशान किया जा रहा है। हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है। राजग सरकार में बने पुल-पुलिया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे।

    चाचा जाने क्यों बिदक गए

    तेजस्वी ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी हमने नीतियों और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया, लेकिन पता नहीं दो-दो बार चाचा हमारे क्यों बिदक गए। जितना हम लोगों ने सम्मान दिया, उतना कोई और नहीं करेगा। भाजपा ने उन्हें हाईजैक कर लिया है।

    ये भी पढ़ें

    रामगढ़ और तरारी सीट पर BJP ने राजद-माले को कैसे किया चित? पीछे से 2 बड़े नेता कर रहे थे फील्डिंग, ऐसी रही रणनीति

    Tejashwi Yadav: झारखंड में शानदार जीत के बाद RJD गदगद, क्या अब बिहार में होगा 'खेला'? तेजस्वी ने दिया बड़ा संकेत!