विधानमंडल का मॉनसून सत्र: बाढ़ और सृजन घोटाले पर चौथे दिन भी हंगामा
बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र जारी है लेकिन सृजन घोटाले और बाढ़ को लेकर पिछले चार दिनों से सदन की कार्यवाही बाधित है। आज भी सदन की कार्यवाही बाधित रही।
पटना [जेएनएन]। बिहार विधानसभा में विपक्षी दलों का हंगामा चौथे दिन भी जारी रहा। विधानसभा के अंदर भी जमकर राजद और भाजपा के नेताओं के बीच जमकर बहस हुई। बाढ़ और राजद की रैली को लेकर दोनों दल भिड़ गए।
भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि एक ओर बिहार बाढ़ की विभीषिका झेल रहा है और लालू यादव को रैली की सूझ रही है। इसका जवाब देते हुए राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि अापलोगों को जो करना हो कर लीजिए लेकिन राजद की रैली 27अगस्त को होनी है और जरूर होगी।
वहीं राजद विधायकों ने बिहार विधानसभा के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। बाढ़ राहत और सृजन घोटाले को लेकर राजद ने सरकार को घेरा।
बता दें कि, बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन से ही राजद के विधायक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान विधायकों ने नीतीश के विरोध में नारे भी लगाए। इसे लेकर बुधवार को विधानसभा परिसर में तेजस्वी यादव ने धरना भी दिया था। राजद विधायक सृजन घोटाले में सीएम नीतीश कुमार से इस्तीफा मांग रहे हैं।
इसके साथ ही राजद की ओर से यह आरोप लगाया जा रहा है कि नीतीश और मोदी की सांठगांठ से सृजन के बंदरबांट को अंजाम दिया जा रहा है। विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाया है कि बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में भी ये सरकार नाकाम है। बाढ़ पीड़ितों को राहत देने में भी सरकार भेदभाव कर रही है।