Bihar Assembly Election : बापू की कर्मभूमि से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद, दिग्विजय, मीरा, राज बब्बर होंगे स्टार वक्ता
Bihar Assembly Election आज बिहार क्रांति महासम्मेलन का चंपारण से आगाज। अगले 20 दिनों तक उत्तर बिहार के 38 से 40 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का चुनावी वर्चुअल अभियान चलेगा।
पटना, राज्य ब्यूरो । Bihar Assembly Election : कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार दिख रही है। पार्टी मंगलवार (1 September) को बापू की कर्मभूमि चंपारण से चुनावी अभियान का शंखनाद करने जा रही है। अगले 20 दिनों तक चलने वाला कांग्रेस का यह चुनावी अभियान पूरी तरह से वर्चुअल होगा। इसमें पार्टी उत्तर बिहार के करीब 38 से 40 विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए सरकार की नाकामी पर हल्ला बोलेगी। बिहार कांग्रेस ने अपने वर्चुअल संवाद अभियान का नाम बिहार क्रांति महासम्मेलन दिया है।
चंपारण से होगी शुरुआत
अभियान के पहले दो दिन में पूर्वी व पश्चिम चंपारण मिलाकर चार विधानसभा क्षेत्र बेतिया, नरकटियागंज, वाल्मीकिनगर और रामनगर में वर्चुअल रैली होगी। आयोजन के कर्ता-धर्ता और उत्तर बिहार के प्रभारी सचिव अजय कपूर ने बताया कि पहले दो दिन के आयोजन के लिए पार्टी के स्टार प्रचारक डॉ. दिग्विजय सिंह, मीरा कुमार, राज बब्बर के साथ प्रमोद तिवारी होंगे। यह चारों नेता अखिल भारतीय कांग्रेस के मुख्यालय में बनाए गए मंच से बिहार क्रांति महासम्मेलन से जुड़ेंगे।
रोज दो विधानसभा क्षेत्रों में रैली
बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बनाए गए मंच से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, चारों कार्यकारी अध्यक्ष और दूसरे वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे। एक दिन में कार्यक्रम के दो चरण होंगे। पहली विधानसभा क्षेत्र में सुबह 11 से एक बजे जबकि दूसरी विधानसभा क्षेत्र में अपराह्न दो से तीन बजे तक वर्चुअल रैली होगी।
सदाकत आश्रम में बनाया गया मंच
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने बताया कि आयोजन की पूरी तैयारी की जा चुकी है। प्रदेश मुख्यालय में मंच बनकर तैयार है। जिन जिलों में वर्चुअल महासम्मेलन होना है वहां के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा बिहार की जनता प्रदेश की एनडीए सरकार के कामकाज से बुरी तरह से नाराज है और कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। पहले चरण में उत्तर बिहार में अगले 20 दिनों तक यह महासम्मेलन होगा। इसके बाद दूसरे चरण में दक्षिण बिहार के जिलों में बिहार क्रांति महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा।