Bihar Assembly Election 2020: सुशील मोदी बोले-लोजपा वोटकटवा, नहीं बनने देना चाहती राजग की सरकार
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने शुक्रवार को लोजपा पर हमला बोला। कहा कि एक सीट न जीतने वाली पार्टी सरकार बनाने का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि लोजपा एनडीए की सरकार नहीं बनने देना चाहती।
पटना, जेएनएन। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लोक जनशक्ति पार्टी के उस दावे को झूठा बताया है जिसमें कहा गया है कि लोजपा नेता और अमित शाह के बीच चुनाव को लेकर बात हुई है। प्रचार में जाने के पूर्व मोदी शुक्रवार को प्रेस से बात कर रहे थे। मोदी ने लोजपा के दावे को झूठा और बेबुनियाद बताया।
भाजपा जितनी दे रही थी लोजपा उससे अधिक सीट मांग रही थी
उन्होंने कहा कि लोजपा का सीटों को लेकर विवाद था। भाजपा जितनी सीटें दे रही थी लोजपा उससे कहीं अधिक सीटें मांग रही थी। जिस वजह से वार्ता टूटी और लोक जनशक्ति पार्टी खुद निर्णय लेकर गठबंधन से अलग हो गई। उन्होंने कहा जो पार्टी बिहार में एक सीट भी नहीं जीत सकती वह आज सरकार बनाने का दावा कर भ्रम फैला रही है।
लोजपा नेता कहते हैं कि नहीं बनने देंगे नीतीश को मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि लोजपा नेता कहते हैं कि वे नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री नही बनने देंगे। इसका सीधा मतलब है कि वह पीएम मोदी और अमित शाह के निर्णय का विरोध कर बिहार में भाजपा की सरकार बनने देना नहीं चाहते हैं। आखिर यह कैसी राजनीति है कि एक तरफ तो पीएम मोदी की तारीफ करते हैं वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा समर्थित नीतीश कुमार का विरोध कर रहे हैं। मोदी ने स्पष्ट किया कि लोजपा वोट कटवा है और उसका एक ही मकसद है कि बिहार में एनडीए की सरकार न बने। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार में एनडीए की बहुमत की सरकार बनेगी।
इसबार तीन चरणों में चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।