Bihar Assembly Election 2020 : चुनाव आते ही निकला नाथूराम गोडसे का जिन्न, दिग्विजय बोले वोटर्स सबक सिखाएंगे
Bihar Assembly Election 2020 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय बोले बिहार सिखाएगा गोडसे की विचारधारा को सबक। कहा भाजपा ओवैसी के साथ मिली हुई है।
पटना, राज्य ब्यूरो । Bihar Assembly Election 2020 : बिहार कांग्रेस (Congress) के पूर्व प्रभारी और मध्य प्रदेश(Madhya Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने कहा है कि नाथू राम गोडसे (Nathu Ram Godse) की विचारधारा के खिलाफ पूरे देश में विपक्ष को एकजुट होना होगा। उन्होंने बिहार के लोगों को आगाह किया कि चुनाव आते ही भाजपा (BJP) ओवैसी (Owaisi) के साथ मिलकर बिहार में लोगों को बरगलाना शुरू कर देती है। ऐसे लोगों से जनता सावधान रहे। दिग्विजय सिंह सोमवार को सिवान और गोपालगंज में आहूत बिहार क्रांति वर्चुअल (Virtual) सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस के पूर्व महासचिव शकील अहमद खान ने कहा कि इस बार जब नरेंद्र मोदी बिहार आएं तो जनता उनसे पिछले पैकेज का हिसाब-किताब जरूर मांगे। शकील ने इस दौरान बेरोजगारी के आंकड़े भी पेश किए। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पंडित किशोर उपाध्याय ने कहा कि देश को बेचने पर आमादा वर्तमान केंद्र सरकार के खिलाफ बिहार के लोगों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने नीतीश कुमार की नीतियों को जन विरोधी बताया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अमृता धवन ने कहा कि बिहार का चुनाव भविष्य की राजनीति को प्रभावित करेगा।
वर्तमान सरकार ने क्या किया
वर्चुअल सम्मेलन का संचालन करते हुए बिहार के सह प्रभारी अजय कपूर ने कहा कि बिहार के लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है और इस क्रांति महासम्मेलन से उस परिवर्तन का आगाज हो चुका है। नदीम जावेद ने कहा कि भाजपा के इशारे पर बिहार के जनाधार का अपहरण करने वाले नीतीश कुमार ने कोरोना काल में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले बिहार को मंझधार में छोड़ रखा है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने कहा कि बिहार के विश्वविद्यालयों की स्थिति जर्जर हो चुकी है, जिसपर बिहार सरकार का कोई ध्यान नहीं है। बिहार के आगामी चुनाव में युवाओं को सोचना होगा कि वर्तमान सरकार ने उनके लिए क्या किया है? धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने किया।