Bihar Assembly Election: जेपी नड्डा ने तख्त श्री हरिमंदिर में टेका मत्था, बोले- दशमेश गुरु से मिलती सेवा की प्रेरणा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार की शाम को श्री हरिमंदिर जी पटनासाहिब पहुंचे। उन्होंने दरबार साहिब में मत्था टेक गुरु घर का आशीर्वाद लिया। उन्हें ग्रंथी गुरु दयाल सिंह ने सिरोपा व कृपाल देकर सम्मानित किया।
पटना, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार की शाम को श्री हरिमंदिर जी पटनासाहिब पहुंचे। उन्होंने दरबार साहिब में मत्था टेक गुरु घर का आशीर्वाद लिया। उन्हें ग्रंथी गुरु दयाल सिंह ने सिरोपा व कृपाल देकर सम्मानित किया। दरबार साहिब से बाहर आने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मैं दशमेश गुरु श्री गुरु गोङ्क्षबद सिंह जी महाराज के जन्मस्थल पर पहुंचा हूं। मेरा जन्म भी पटना में ही हुआ। गुरु की नगरी से पुराना नाता है। उन्होंने कहा कि दशमेश गुरु से हमें सेवा, त्याग, बलिदान की प्रेरणा मिलती है। गुरु की शिक्षा सब मानव एक समान के साथ मैं देश की एकता, अखंडता, मानव सेवा और विकास में लगा हूं। मानवता की रक्षा सर्वोपरि है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, महापौर सीता साहू, पटना साहिब के एनडीए प्रत्याशी नंद किशोर यादव, विधान पार्षद संजय म्यूख, अमित कानोडिया, नित्यानंद चंद्रवंशी, राजेश साह, शम्मी यादव, विनय केसरी, प्रदीप काश, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अवतार सिंह हित, महासचिव महेंद्रपाल सिंह ढिल्लन, सचिव महेंद्र सिंह छावड़ा समेत अन्य थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रबंधक कमेटी ने गोल्डेन फ्रेम में सजे दशमेश गुरु का चित्र भेंट किया।
बिहार में राजद महज मुखौटा
बिहार में चुनाव सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि बिहार में राजद महज मुखौटा है। इसका असली चेहरा तो वामपंथी उग्रवाद की प्रतिनिधि भाकपा माले है जो राजद के सहारे दबे पांव बिहार की राजनीति में घुसने की फिराक में है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव की तरह ही बिहार विधानसभा चुनाव में भी एनडीए की भारी जीत होगी। कहा, भाजपा जो वादा करती है उसे हर हाल में पूरा करती है। वे शुक्रवार को बांका जिले के बाराहाट व नवादा जिले के हिसुआ में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
इसबार तीन चरणों में चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इसबार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।