Bihar Assembly Election 2020 : इंटरनेशनल शूटर श्रेयसी सिंह बांका से लड़ सकती हैं विधानसभा चुनाव
Bihar Assembly Election 2020 पुतुल देवी व श्रेयसी सिंह के चुनाव लड़ने की आहट से बिहार का सियासी तापमान चढ़ गया है।लाल कोठी पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पुतुल ने ये कहा।
बांका, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 : पूर्व सांसद पुतुल सिंह ने संकेत दिए हैं कि इस बार इंटरनेशनल शूटर और उनकी बेटी श्रेयसी सिंह अपनी चुनावी पारी की शुरुआत कर सकती हैं। श्रेयसी सिंह के चुनाव लड़ने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि बांका के सभी लोग उसे आशीर्वाद देने जुटे थे। इससे साफ हो गया है कि पूर्व सांसद पुतुल सिंह की सत्ता में हिस्सेदारी की मांग यदि राजद मान लेता है तो श्रेयसी सिंह इस बार सियासी मैदान में नई पारी की शुरुआत करती नजर आएंगी ।
बांका या अमरपुर से चुनाव लड़ सकती श्रेयसी सिंह
समाजवादी नेता दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल देवी और बेटी श्रेयसी सिंह के राजद में आने की आहट से बिहार का सियासी तापमान बढ़ गया है। पुतुल देवी के निकटवर्ती कार्यकर्ताओं की मानें तो वह राजद की नैया पर सवार हो सकती हैं। पुतुल सिंह अपने पांच समर्थकों को बांका, भागलपुर और मुंगेर संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों से प्रत्याशी बनाना चाह रहीं हैं। हालांकि सूत्रों के अनुसार आरजेडी ने इनमें तीन पर हरी झंडी भी दे दी है। आरजेडी से बांका, अमरपुर, सुल्तानगंज, धोरैया तथा जमुई की सीट मांगा है। बांका या अमरपुर सीट से पूर्व सांसद की बेटी नेशनल शूटर श्रेयसी सिंह चुनाव लड़ सकती हैं। पुतुल देवी जिन पांच सीटों की मांग कर रही हैं, उनमें अमरपुर महत्वपूर्ण है। 2010 से पहले इस सीट पर राजद का कब्जा था और सुरेंद्र कुशवाहा यहां से चार बार विधायक चुने गए थे।
राजद की हरी झंडी के इंतजार में बांका की 'लाल कोठी'
पूर्व सांसद पुतुल सिंह ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में लड़ने का उन्हें राजद, लोजपा और भाजपा से आमंत्रण मिला है। उन्होने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रायसुमारी की है। अब बैठक हो गई है, जल्द ही वह अगला कदम उठाएंगी। पूर्व सांसद गिद्धौर स्थित अपने आवास लालकोठी में समर्थकों की बैठक के बाद दैनिक जागरण से बात कर रही थीं। बैठक में अधिकांश कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर राजद सत्ता में उन्हें साझीदार बनाता है तो उसके साथ जाने में कोई गुरेज नहीं है। कुछ ने भाजपा में भी सीट मिलने पर जाने की सलाह दी।