Bihar Accident News: गांव में लगी नाव को बाढ़ के पानी में ले गए बच्चे, सारण में खेल-खेल में आ गई मौत
Bihar Accident News सारण के इसुआपुर में बाढ़ के पानी में नाव पलटने से पांच बच्चे डूब गए। बच्चे पानी में खुद ही नाव लेकर चले गए थे।
पटना, जागरण टीम। बिहार के गोपालगंज (Gopalganj) व सारण में दो नौका दुर्घटनाएं हुईं हैं। सारण में नाव पलटने से पांच बच्चे डूब गए, जिनमे तीन को बचा लिया गया। एक बाढ़ के पानी में खड़ी नाव को बच्चे खुद ही पानी में ले गए, जो डूब गई। उधर, गोपालगंज में सारण बांध की मरम्मत के दौरान मरम्मत में लगी बड़ी नाव डूब (Sinking) गयी। मजदूरों की तत्परता से नाव पर सवार दो मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया।
सारण के इसुआपुर थाना क्षेत्र के अगौथर नंदा गांव में बाढ़ के पानी में गुरुवार शाम नाव पलटने से पांच बच्चे डूब गए। जानकारी के अनुसार, नाव गांव में खड़ी थी। इसी दौरान बच्चे चढ़ गए और उसे खेने लगे। नाव पर सात लोग सवार थे। इनमें से पांच बच्चे थे। इसी दौरान अचानक नाव पलट गई। पांच बच्चों में तीन को नाव पर सवार दो अन्य लोगों की मदद से निकाल लिया गया। जिन बच्चों को बाहर निकाला गया उनका इलाज इसुआपुर पीएचसी में चल रहा है। इनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
एक बच्चे का शव घटना के कुछ देर बाद बरामद किया गया। दूसरे की तलाश शुक्रवार को भी जारी है। मृत बच्चे की पहचान स्थानीय प्रभु राय के पुत्र विजेश कुमार के रूप में हुई है। जबकि, सत्यनारायण राय के पुत्र मनीष की तलाश जारी है। बचाए गए बच्चों में भगवान राय के पुत्र बिट्टू कुमार, जयशंकर राय के पुत्र चंदन कुमार व विनोद राय के पुत्र पिंटू कुमार का इलाज चल रहा है। सभी बच्चों की उम्र 13 से 15 वर्ष के बीच है।