विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में तीन डिसमिल जमीन के किए करें घर बैठे आवेदन, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने शुरू की सुविधा

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:06 PM (IST)

बिहार सरकार ने वासभूमिहीन परिवारों के लिए 'अभियान बसेरा-2' के तहत तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने हेतु ऑनलाइन आवेदन की ...और पढ़ें

बिहार भूमि की वेबसाइट से कर सकेंगे आवेदन (फोटो विभाग)

बिहार भूमि की वेबसाइट से कर सकेंगे आवेदन (फोटो विभाग)

HighLights

  1. वासभूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन मिलेगी।

  2. 'अभियान बसेरा-2' के तहत ऑनलाइन आवेदन की सुविधा।

  3. आवेदन प्रक्रिया अंचल कार्यालय स्तर पर ही पूरी होगी।

मनीष कुमार, पटना। बिहार में वासभूमिहीन परिवारों के लिए राहत की खबर है। आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू की है। अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र वासभूमिहीन परिवार अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

अभियान के तहत पात्र लाभार्थियों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने का प्रविधान है। ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से लाभार्थियों को आवेदन के लिए राज्य मुख्यालय पटना आने की जरूरत नहीं होगी। आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय के स्तर पर ही स्वीकार किया जाएगा।

बिहार भूमि की वेबसाइट से कर सकेंगे आवेदन

ऑनलाइन आवेदन के लिए लाभार्थियों को बिहार भूमि की आधिकारिक वेबसाइट खोलनी होगी। वेबसाइट पर ‘अभियान बसेरा हेतु आवेदन करें’ विकल्प के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

इसके लिए विभाग की वेबसाइट biharbhumi.bihar.gov.in पर सुविधा शुरू की गई है। विभाग ने संभावित लाभार्थियों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की है।

आवेदन के दौरान परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। विभाग की ओर से निर्धारित पात्रता और दस्तावेजों के आधार पर आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

अंचल कार्यालय में जमा करना होगा आवेदन

विभाग ने स्पष्ट किया है कि लाभार्थियों को आवेदन जमा करने के लिए पटना आने की आवश्यकता नहीं है। आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा करना होगा। आवेदन स्वीकार करने के बाद अंचल कार्यालय की ओर से आवेदक को प्राप्ति रसीद देना अनिवार्य होगा।

विभाग ने यह भी कहा है कि यदि अंचल स्तर पर आवेदन स्वीकार नहीं होने के कारण किसी आवेदक को पटना आना पड़ा, तो संबंधित अंचल अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

आवेदन के साथ देने होंगे ये दस्तावेज

आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और मोबाइल नंबर देना होगा। आवेदक, पति-पत्नी और वयस्क पारिवारिक सदस्यों के आधार की स्व-अभिप्रमाणित प्रति भी देनी होगी।

इसके अलावा जाति प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, मतदाता पहचानपत्र या निवास प्रमाणपत्र में से उपलब्ध दस्तावेज देना होगा।

परिवार की वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित जानकारी और निर्धारित प्रारूप में शपथपत्र भी देना होगा। शपथपत्र में यह उल्लेख करना होगा कि परिवार के पास वासयोग्य भूमि नहीं है और पूर्व में किसी सरकारी योजना के तहत वासभूमि का लाभ नहीं मिला है।

सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को भी देनी होगी जानकारी

यदि कोई परिवार सरकारी जमीन पर बसा है, तो आवेदन के दौरान उससे संबंधित उपलब्ध जानकारी भी देनी होगी। विभाग आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर पात्रता की प्रक्रिया पूरी करेगा।

लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन में परिवार से संबंधित जानकारी सही-सही दर्ज करें और उपलब्ध जरूरी दस्तावेजों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही जमा करें।

दलालों से बचें, पटना बुलाने वालों पर होगी कार्रवाई

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने लाभार्थियों को दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के नाम पर किसी लाभार्थी को पटना बुलाने वाले व्यक्ति या संस्था को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान बसेरा-2 का उद्देश्य पात्र वासभूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराना है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के साथ विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को अंचल स्तर पर ही सुगम बनाने पर जोर दिया है।

यह भी पढ़ें- बिहार के भूमिहीनों को बड़ी राहत, 'अभियान बसेरा' के तहत आवेदन देने नहीं जाना होगा पटना मुख्यालय

यह भी पढ़ें- घर बनाने के लिए मिलेगा प्लॉट, 15 से 30 दिन में जमीन नहीं मिली तो ₹1 लाख देगी बिहार सरकार