विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM Kisan: बिहार के 73 लाख किसानों के ल‍िए अच्‍छी खबर, खाते में इस दिन आएंगे 2-2 हजार रुपये; 1476 करोड़ होंगे जारी

Published: Wed, 28 Oct 2026 05:31 PM (IST)

बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के 2-2 हजार रुपये 30 ...और पढ़ें

प्रेस कांफ्रेंस करते कृष‍ि मंत्री व‍िजय कुमार स‍िन्‍हा। सौ-आईपीआरडी

प्रेस कांफ्रेंस करते कृष‍ि मंत्री व‍िजय कुमार स‍िन्‍हा। सौ-आईपीआरडी

HighLights

  1. बिहार के 73 लाख किसानों को मिलेगी 24वीं किस्त।

  2. प्रत्येक किसान के खाते में आएंगे 2-2 हजार रुपये।

  3. कुल 1,476 करोड़ रुपये 30 अक्टूबर को जारी होंगे।

राज्‍य ब्‍यूरो, पटना। बिहार के 73 लाख से अधिक क‍िसानों के खाते में प्रधानमंत्री क‍िसान सम्‍मान निध‍ि (PM Kisan) की 24वीं क‍िस्‍त के 2-2 हजार रुपये 30 अक्‍टूबर को आएंगे।  

यह जानकारी कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि पटना के ज्ञान भवन में राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाएगा।

उन्‍होंने बताया क‍ि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से 24वीं क‍िस्‍त जारी करेंगे। बिहार के किसानों के खाते में 1,476 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।

अब तक 33 हजार करोड़ रुपये मिले क‍िसानों को 

बिहार के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक 33 हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं। यह राशि राज्य के किसानों के लिए बड़ा संबल है।

इसमें मुख्यमंत्री, वरीय पदाधिकारी और योजना के लाभार्थी किसान शामिल होंगे। राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं के लाभों से अवगत कराना और कृषि क्षेत्र में आर्थिक सहायता की भूमिका को रेखांकित करना है।

केंद्र और राज्य सरकार कृषि क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दे रही हैं। कृषि का विकास होगा तो किसान समृद्ध होंगे। साथ ही, महिलाओं, उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। कृषि कल्याण और जनकल्याण से जुड़े संवाद से किसानों की शंकाओं और समस्याओं को समझने तथा समाधान का प्रयास किया जाएगा।

किसानों को हर साल मिलते हैं छह हजार रुपये

कृषि मंत्री ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है।

फार्मर आईडी के जरिए किसानों को दी जा रही सुविधाएं

माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को बीज, उर्वरक, अनुदान और उनकी उपज का उचित लाभ दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।

सरकार की कोशिश है कि किसी किसान को परेशानी न हो और पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बटाई पर खेती करने वाले किसान भी सरकारी सुविधाओं और अनुदान से वंचित न रहें, इसके लिए भी संवेदनशीलता के साथ कदम उठाए जा रहे हैं।