बिहार में गठबंधन तोड़ने पर मुकेश सहनी का बड़ा बयान, लालू प्रसाद के बारे में फिर कह दी ये बात
Bihar Politics वीआइपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी ने गठबंधन को लेकर सोमवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साथ ही एक बार फिर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की सराहना की है।
पटना, आनलाइन डेस्क। वीआइपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी (Minister Mukesh Sahani) ने एक बार फिर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (RJD Supremo Lalu Prasad Yadav) की सराहना की है। साथ ही उन्होंने सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की भी जमकर प्रशंसा की। कहा कि विशेष राज्य के दर्जे की मांग के लिए वे सीएम को धन्यवाद देते हैं। इस मांग में वे सरकार के साथ हैं। सीएम के साथ मिलकर जातीय जनगणना की लड़ाई भी लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि गठबंधन से सीट नहीं मिलती है तो विधान परिषद चुनाव में उनके प्रत्याशी सभी 24 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं।
यह भी पढ़ें : आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट, मुजफ्फरपुर में जश्न
सहनी को गठबंधन में सीटें मिलने की उम्मीद बाकी
कर्पूरी जयंती समारोह के अवसर पर सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए में सीट नहीं मिलेगी, यह बात नहीं है। सीटोंं का वितरण गठबंधन के आधार पर होता है। अगर गठबंधन से सीटें नहीं मिलती है तो हम स्वतंत्र हैं। बिहार विधान परिषद की सभी 24 सीटों पर लड़ने के लिए तैयार हैं। फायदा-नुकसान की बात सोचते ही नहीं। पंचायत चुनाव के समय ही हमने तैयारी की है। लेकिनअभी विधिवत बात नहीं हुई है। वैसे हर चुनाव की तैयारी के लिए हम स्वतंत्र हैं।
यह भी पढ़ें : प्रेमी युगल के सपनों को एक करने में पश्चिम चंपारण के विधायक ने की इस तरह की मदद
11 मार्च को झारखंड में लांच होगी वीआइपी
मुकेश सहनी ने कहा कि 11 मार्च को झारखंड में वीआइपी को लांच किया जाएगा। जुब्बा साहनी के शहादत दिवस पर वहां पार्टी की विधिवत लांचिंग की जाएगी। यूपी चुनाव में भी पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं। वहां जनाधार बढ़ा रहे हैं। मार्च से लोकसभा की 150 सीटों के लिए बिहार, झारखंड व यूपी में तैयारी में जुट जाएंगे। विधान परिषद चुनाव में सीटें नहीं मिलने पर क्या गठबंधन से बाहर हो जाएंगे, यह पूछने पर मुकेश सहनी ने कहा कि अभी गठबंधन में हैं। नीतीश कुमार जी के साथ सरकार में हैं। यह गठबंधन 2025 तक का है। जनता ने नीतीश जी को 2025 तक का जनादेश दिया है। हम नहीं चाहेंगे कि हमारे कारण बिहार को हजारों-करोड़ों का नुकसान हो। फिर से चुनाव पर हजारों खर्च हो। इसलिए 2025 तक नीतीश जी के साथ सरकार में बने रहेंगे।
लालू की प्रशंसा क्यों नहीं करें
बिहार में जिन लोगों ने बेहतर काम किया है, उनकी तारीफ क्यों नहीं करें। गरीब-पिछड़ों के लिए लालूजी ने काम किया, इसे कौन इग्नोर कर सकता है। मैं हमेशा उन्हें मानता रहा हूं। राजनीतिक दृष्टिकोण से हम अलग हैं। विचार मिल जाएंगे तो फिर अलग बात होगी।
भाजपा हो या जदयू, कोई नहीं चाहेगा कि आगे बढ़े वीआइपी
उन्होंने यह भी कह दिया कोई भी राजनीतिक दल ऐसा नहीं है जो चाहेगा कि वीआइपी आगे बढ़े। चाहे वह भाजपा हो या जदयू या कांग्रेस। वे रास्ते का कांटा समझेंगे ही। विरोधी मानेंगे ही। बिहार में निषाद समाज जागरूक हुआ है। अपना प्लेटफार्म बना लिया है तो कुछ राजनीतिक पार्टियों को नुकसान तो होगा ही।