बड़ी लापरवाही: हत्याकांड के दो कैदी हथकड़ी समेत हो गए फुर्र, सोते रह गए पुलिसकर्मी
भोजपुर में उस समय पुलिस खेमे में हड़कंप मच गया जब दो कैदी हथकड़ी समेत फरार हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। पुलिसकर्मी सोते रह गए और कैदी फुर्र हो गए।
भोजपुर, जेएनएन। भोजपुर में उस समय पुलिस खेमे में हड़कंप मच गया, जब दो कैदी हथकड़ी समेत फरार हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। रात में सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को नींद आ गई। फिर क्या था, दोनों कैदी हथकड़ी समेत फुर्र हो गए। खास बात कि दोनों को हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। जानकारी मिलते ही खोजबीन शुरू हो गई है, लेकिन अब तक दोनों को ढूंढ़ा नहीं जा सका है। वहीं जेलर ने कहा है कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी।
दरअसल सदर अस्पताल आरा में हत्या के आरोपित दोनों कैदियों को इलाज कराने के लिए लाया गया था, लेकिन वे देर रात सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गए। फरार कैदियों में आरा शहर के आनंद नगर निवासी मुन्ना सोनार और गड़हनी थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव निवासी विकास कुमार यादव शामिल हैं। बुधवार की सुबह टाउन इंस्पेक्टर चन्द्रेशखर गुप्ता ने सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में जाकर घटना की छानबीन की। दोनों कैदियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जेल अधीक्षक निरंजन पंडित ने बताया कि बंदियों के भागने के मामले में लापरवाह सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा कि आरा जेल मेंं बंद मुन्ना सोनार व विकास यादव को कुछ दिन पूर्व इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रोज की तरह सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में दोनों बंदियों को हथकड़ी लगाकर रखा गया था। मेन गेट पर ताला लगा दिया गया था। इस दौरान ड्यूटी पर कार्यरत चारों सिपाही भी सो गए थे। रात एक बजे के बाद दोनों बंदी वार्ड के पिछले भाग में स्थित शौचालय जाने के बहाने स्टूल पर चढ़कर खपड़पोस छत व दीवार के बीच सुरंगनुमा खाली गैप के रास्ते फरार हो गए। सुबह तीन बजे के आसपास जब एक सुरक्षाकर्मी जगा, तब जाकर उन्हें दोनों के भागने की जानकारी मिली।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप