महागठबंधन को करारा झटका, आधा दर्जन दिग्गजों ने कहा GOOD BYE
बिहार विधानसभा के 16वें महासमर में महागठबंधन को विरोधियों ने सोमवार को करारा झटका दिया। महागठबंधन के तीनों दल राजद, जदयू और कांग्रेस में भाजपा, सपा और जाप ने सेंध लगा दी।
पटना। बिहार विधानसभा के 16वें महासमर में महागठबंधन को विरोधियों ने सोमवार को करारा झटका दिया। महागठबंधन के तीनों दल राजद, जदयू और कांग्रेस में भाजपा, सपा और जाप ने सेंध लगा दी।
महत्वपूर्ण यह रहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साले सुभाष यादव को जाप संरक्षक पप्पू यादव ने तोड़ लिया। इसी तरह बड़हरा से राजद विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह और जदयू के वाल्मीकिनगर से विधायक राजेश सिंह ने पार्टी छोड़ सपा की माला पहन ली। इस मौके पर पूर्व मंत्री छेदी लाल पासवान और कांग्रेस पंचायतीराज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सिद्धानाथ राय भी सपा में शामिल हो गए। सपा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र सिंह यादव और वरिष्ठ नेता रघुनाथ झा ने सभी नेताओं को माला पहनाकर पार्टी शामिल होने का एलान किया।
सपा में शामिल होने के बाद राघवेंद्र प्रताप सिंह ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर टिकट वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला, जबकि जदयू विधायक राजेश के निशाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रहे। दोनों विधायकों ने कहा कि जिस तरह से टिकट बांटे गए हैं, उससे यह साबित होता है कि लालू और नीतीश ने टिकट बांटने करोड़ों रुपये के वारे-न्यारे किए हैं।
राघवेंद्र प्रताप ने कहा कि विधानसभा चुनाव में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर 85 फीसद टिकट गैर राजनीतिक लोगों को दिया है। राघवेंद्र ने कहा कि लालू नीतीश को भी आगे धोखा देंगे।
उधर, राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधान पार्षद रामजी शर्मा, प्रदेश महासचिव अनिरूद्ध सहनी और वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह भारतीय ने भाजपा का दामन थाम लिया। सभी नेताओं को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय और केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने भाजपा की सदस्यता दिलाई।
इसी तरह लालू प्रसाद के साले सुभाष यादव ने सोमवार को जन अधिकार पार्टी (जाप) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसके अलावा लोजपा के प्रदेश महासचिव नलिनी रंजन शर्मा उर्फ ललन सिंह, जदयू विधायक मीना द्विवेदी और पूर्व विधायक पप्पू खान सहित राजद और जदयू के डेढ़ दर्जन नेताओं ने जाप का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल हुए नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने के मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री पर दिया गया बयान उनके हताशा को दर्शाता है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि चंपारण की धरती ने देश को दिशा देने का काम किया है। गांधी जी के सत्याग्रह से देश में परिवर्तन का सूत्रपात हुआ। चंपारण से राजद के वरिष्ठ नेताओं के भाजपा में शामिल होने से बिहार में परिवर्तन का संकेत स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। मिलन समारोह का संचालन भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख ने किया। कार्यक्रम प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट और राजीव रंजन उपस्थित थे।