दबंग गर्ल सोनाक्षी को ले मां का बड़ा खुलासा, इस कारण नहीं मांग रहीं शॉटगन के लिए वोट
लोकसभा चुनाव में पटनासाहिब सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा ताल ठोक रहे हैं। उनके लिए चुनाव प्रचार करने बेटी सोनाक्षी नहीं आ सकीं हैं। इसे लेकर सोनाक्षी की मां क्या कहा जानिए।
पटना [जेएनएन]। बिहार में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण की आठ सीटों पर 19 मई को मतदान है। इस चरण में पटनासहिब लोकसभा सीट पर बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा (शॉटगन) अपनी जीत की हैट्रिक लगाने के लिए जोर लगा रहे हैं। उनके चुनाव प्रचार की कमान पत्नी पूनम सिन्हा संभाल चुकी हैं। बेटे कुश पहले से ही सक्रिय हैं। नहीं दिख रहीं हैं तो शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी व बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा। सोनाक्षी के पिता के चुनाव प्रचार में शामिल नहीं होने को ले पहली बार मां पूनम सिन्हा ने अपनी बात रखी है।
विदित हो कि पटनासाहिब सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रवि शंकर प्रसाद से है। बीते दो लोकसभा चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा पटनासाहिब से ही भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज करते रहे हैं। इस बार वे कांग्रेस से ताल ठोक रहे हैं।
मां ने सोनाक्षी के नहीं आने का बताया कारण
बेटी सोनाक्षी सिन्हा के चुनाव प्रचार के लिए पटना नहीं आने को लेकर पूनम सिन्हा ने कहा कि शायद शत्रुघ्न सिन्हा को ये लगा हो कि वे बेटी के प्रचार किए बिना भी पटनासाहिब से जीत की हैट्रिक लगा सकते हैं। हालांकि, पूनम सिन्हा ने सोनाक्षी की व्यस्तताओं का हवाले देते हुएयी भी बताया कि वे अभी अपनी अगली फिल्म दबंग-3 की शूटिंग में लगी हैं।
कहा: पत्नी धर्म निभाने पहुंचीं पटना
पूनम सिन्हा ने दावा किया कि शत्रुघ्न सिन्हा की जीत तय है। उन्हें पटना साहिब के लोगों का प्यार पहले की तरह मिलेगा। सपा में होकर भी कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा के लिए प्रचार को लेकर पूनम सिन्हा ने कहा कि वे पटना में सपा बतौर प्रत्याशी नहीं, पत्नी के रूप में पहुंची हैं। यहां वे पत्नी धर्म निभा रहीं हें। उन्होंने अपने छोटे बेटे कुश सिन्हा के राजनीति में आने के संकेत भी दिए।
पार्टी लाइन से हटकर चुनाव प्रचार
शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा उत्तर प्रदेश (यूपी) में लखनऊ लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी हैं। लखनऊ में मतदान के बाद पूनम सिन्हा अब पति के चुनाव प्रचार के लिए पटना में हैं। इसके पहले शत्रुघ्न सिन्हा भी लखनऊ में पूनम सिन्हा के चुनाव प्रचार में गए थे। यूपी में सपा व कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में दोनों का एक-दूसरे के लिए पार्टी लाइन से हटकर चुनाव प्रचार कई तरह के कयासों को भी जन्म दे रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप