Bhojpur Accident News: भोजपुर में पटवन करने गए एक ही गांव के दो किसानों की करंट से मोैत, फूटा आक्रोश
भोजपुर में शुक्रवार की अहले सुबह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बरामद किया। दोंनो आयर थाना क्षेत्र के बरनांव पंचायत के दुलारपुर गांव के निवासी हैं।
आरा, जेएनएन। भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुलारपुर गांव के बधार में शुक्रवार की अहले सुबह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बरामद किया। मृतकों में 50 वर्षीय सुरेश सिंह महतो तथा 40 वर्षीय अजय साह बताए जाते हैं। दोंनो बरनांव पंचायत के दुलारपुर गांव के निवासी हैं।
परिवार में करुण क्रंदन से माहौल गमगीन, पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची लोग घटनास्थल की ओर भागे पर तबतक देर हो चुकी थी। परिवार में जैसे ही लोगों को इस घटना के बारे में जानकारी मिली करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। हादसे को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही । समाचार लिखे जाने तक मौके पर पहुंची पुलिस हादसे की छानबीन कर रही थी। शवों का पंचनामा किया जा रहा था। गुस्साए ग्रामीण विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहरा रहे थे।
खेत में पटवन के लिए गए थे पर हादसे में चली गई जान
बताया जाता हैं कि आयर थाना के दुलारपुर गांव निवासी सुरेश सिंह महतो तथा अजय साह दोनों खेत पटवन के लिए बधार में गए थे। इस दौरान विद्युत प्रवाहित तार के स्पर्श में आ गए जिससे दोनों की मौत हो गई। बाद में हो-हल्ला होने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बाद में आयर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही से हादसा हुआ है। गुस्साए ग्रामीण प्रशासनिक अफसरों व विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे।
पहले भी होते रहे हैं हादसे, विभाग पर लगता रहा है आरोप
भोजपुर जिले में विद्युत प्रवाहित तार के स्पर्श में आने से पहले भी कई जानें गई हैं। बावजूद इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। पहले भी विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ा है। इस दौरान शुक्रवार को फिर करंट से दो लोगों की जान चली गई। जिसे लेकर भी आक्रोश देखा जा रहा है। मौके पर मुखिया और पंचायत समिति समेत कई लोग ढाढस बंधाने पहुंचे।