खुशखबरीः भोपाल की रिपोर्ट में बर्ड फ्लू नहीं, 26 से खुल सकता है पटना जू
पटना जू जल्द ही खुल जाएगा। भोपाल से रिपोर्ट आ गई है। इसमें चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू न होने की बात सामने आई है।
पटना, जेएनएन। पटना के पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। जू में फिर से मौज-मस्ती की जा सकेगी। 25 दिसंबर से बंद संजय गांधी जैविक उद्यान 26 जनवरी को खुल सकता है। बर्ड फ्लू के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान भोपाल की जांच रिपोर्ट आ गई है। इसमें इस बात का जिक्र है कि बर्ड फ्लू का असर संजय गांधी जैविक उद्यान में नहीं है।
पशुपालन विभाग की टीम करेगी जांच
मालूम हो कि 25 दिसंबर को उद्यान अगले आदेश तक बंद किया गया था। अब पशुपालन विभाग की टीम उद्यान की सघन जांच करेगी। उसके बाद उद्यान खुलेगा। 16 से 19 दिसंबर के बीच छह मोरों की मौत हो गयी थी। बाद में एक और मोर और एक फीजेंट की मौत हुई थी। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल ने अपनी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि 24 दिसंबर को शाम में की थी। बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही काम हो रहा है। कई केंद्रीय संस्थाओं के विशेषज्ञों ने उद्यान का भ्रमण किया था। उनके सुझाव के अनुसार संक्रमणमुक्त बनाने का अभियान नियमित रूप से चलाया गया।
दवाओं का किया गया छिड़काव
वहीं मंगलवार को लकड़बग्घा, भेड़िया, लेपर्ड केज, अस्पताल एवं आहार गोदाम परिसर के आसपास संक्रमण निवारण के लिए दवाओं का छिड़काव किया गया। पक्षियों के पिंजरों में मिट्टी का बदलाव और चूना छिड़का गया। उद्यान निदेशक अमित कुमार ने कहा कि पशुपालन निदेशक से बर्ड फ्लू मुक्त होने का प्रमाणपत्र मिलते ही उद्यान खोल दिया जाएगा।