पवन सिंह संग रिश्ते पर अश्लील गाना सुन अक्षरा सिंह भड़कीं, भोजपुरी गायक पर कराई प्राथमिकी
भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह की शिकायत पर कंकड़बाग थाना पुलिस ने भोजपुरी गायक नीलकमल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. नीलकमल सिंह ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह व भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के संबंधों को लेकर गाए गए गाने में अश्लील टिप्पणी की थी।

पटना, जागरण संवाददाता। Akshara Singh- Pawan Singh- Neelkamal Singh Song Issue: मशहूर भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह की शिकायत पर पटना शहर के कंकड़बाग थाने की पुलिस ने भोजपुरी गायक नीलकमल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नीलकमल सिंह ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह व भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के संबंधों को लेकर गाए गए गाने में अश्लील टिप्पणी की थी। इस गाने को यू ट्यूब पर अपलोड किया गया था। गाना वायरल होते ही अक्षरा सिंह ने इसे गंभीरता से लिया था। उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर भी इस गाने को लेकर प्रतिवाद किया था। बाद में उन्होंने नीलकमल सिंह व अन्य के खिलाफ कंकड़बाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में आईटी एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पटना के कंकड़बाग में रहती हैं अक्षरा सिंह
अक्षरा सिंह कंकड़बाग इलाके में रहती हैं। बताया जा रहा है कि गत दिनों भोजपुरी गायक नीलकमल सिंह ने अक्षरा सिंह और पवन सिंह के रिश्तों पर एक गाना गाया था। कथित तौर पर इस गाने में अक्षरा सिंह को लेकर भद्दी बातें कही गई थीं। गाना वायरल होने पर जब इसकी जानकारी अक्षरा सिंह को मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की। यही नहीं यू ट्यूब पर वायरल इस गाने को अपने फेसबुक पेज पर शेयर करते हुए अक्षरा सिंह ने नीलकमल को जवाब भी दिया था।
इंटरनेट मीडिया पर भी दिया करारा जवाब
अक्षरा सिंह ने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट से पोस्ट में लिखा था कि मेरे व मां, बहन, बेटी, नारी शक्ति के लिए आपके दिल से जो सम्मान निकला, उसके लिए मैं आपका आभार व्यक्त करती हूं। समस्त भोजपुरिया समाज का जो मान सम्मान बढ़ाया है। उसके लिए आपके चरणों में पुष्प अर्पित करना चाहती हूं।
नीलकमल सहित अन्य को भी बनाया गया है आरोपित
पुलिस ने मुकदमे में नीलकमल सिंह सहित अन्य उन लोगों को भी आरोपित बनाया है, जिसने इस अश्लील गाने में अपनी आवाज दी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पटना पुलिस की विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस बहुत जल्द नीलकमल सिंह को गिरफ्तार करने आरा स्थित उनके आवास पर जाएगी। कंकड़बाग थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस ने भोजपुरी गायक नीलकमल सिंह व अन्य के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया। मामले की छानबीन जारी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।