AI से कमांडो जोड़कर फोटो पोस्ट करना बिहार महिला गृहरक्षक को पड़ा भारी, तीन महीने के लिए निलंबित
श्रावणी मेला ड्यूटी के दौरान वर्दी में AI से कमांडो जोड़कर फोटो सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में ...और पढ़ें

ड्यूटी के दौरान खिंचवाई वर्दी में तस्वीरें (AI फोटो)
HighLights
महिला गृहरक्षक ने वर्दी में AI से फोटो एडिट की।
सोशल मीडिया पर साझा करने पर विभागीय कार्रवाई हुई।
तीन महीने के लिए ड्यूटी से कार्यमुक्त करने की अनुशंसा।
जागरण संवाददाता, पटना। श्रावणी मेला 2026 के दौरान भागलपुर जिला बल में कानून-व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए महिला गृहरक्षक हीरा कुमारी की तैनाती की गई थी। ड्यूटी के दौरान वर्दी में फोटो खिंचवाने और उसे एआइ तकनीक से एडिट कर इंटरनेट मीडिया पर साझा करने के मामले में उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है।
ड्यूटी के दौरान खिंचवाई वर्दी में तस्वीरें
श्रावणी मेला के दौरान हीरा कुमारी की तैनाती सहायक थाना बाबा चौक सहित विभिन्न प्रमुख पोस्टों पर की गई थी। इसी दौरान उन्होंने ड्यूटी पर रहते हुए वर्दी में अपनी तस्वीरें खिंचवाईं और बाद में उन्हें इंटरनेट मीडिया पर साझा किया।
AI से तस्वीर में जोड़े कमांडो, पोस्ट होते ही मामला पहुंचा मुख्यालय
महिला गृहरक्षक ने इन तस्वीरों में एआइ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का इस्तेमाल कर अपने साथ कमांडो जोड़ दिए।
तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर साझा होने के बाद मामला पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में आया और इसे गंभीरता से लिया गया।
पुलिसकर्मियों के इंटरनेट मीडिया इस्तेमाल पर सख्त नियम
पुलिस मुख्यालय के अनुसार पुलिसकर्मियों और गृहरक्षकों के लिए इंटरनेट मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सख्त दिशा-निर्देश लागू हैं।
वर्दी में रहते हुए इंटरनेट मीडिया पर किसी भी तरह की सामग्री साझा करने के मामले में निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
भागलपुर SSP की जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले में भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कदम उठाया गया है। जांच के बाद महिला गृहरक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई, जिसे पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया।
तीन महीने के लिए कार्यमुक्त करने की अनुशंसा
पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई करते हुए हीरा कुमारी को तीन महीने के लिए कार्यमुक्त करने की अनुशंसा कर दी है। विभाग ने साफ किया है कि ड्यूटी के दौरान वर्दी की गरिमा और निर्धारित नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वर्दी की गरिमा और इंटरनेट मीडिया नियमों का पालन जरूरी
विभाग ने चेतावनी दी है कि सेवा में तैनात सभी पुलिसकर्मियों और गृहरक्षकों को वर्दी की गरिमा बनाए रखना होगा। साथ ही इंटरनेट मीडिया से जुड़ी नियमावली का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य है।
