कार्तिक पूर्णिमा: घाटों की हुई बैरिकेडिंग, रात दो बजे से मुस्तैद रहेगा प्रशासन
जिला प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा की तैयारी पूरी कर ली है। घाट पर बैरिकेडिंग कर ली गई है। शुक्रवार को स्नान के समय नाव के साथ गोताखोर भी श्रद्धालुओं के लिए गंगा किनारे तैनात रहेंगे।
पटना, जेएनएन। जिला प्रशासन की ओर से कार्तिक पूर्णिमा की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु र्पूिर्णमा के दिन गंगा में डुबकी लगाएंगे। सभी घाटों पर नाव के साथ गोताखोर तैनात कर दिए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम गंगा में गश्ती करेगी। गुरुवार को पंचभीखा के दौरान भक्तों ने गंगा स्नान किया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। दान-पुण्य कर लोग वापस घर को लौट गए।
पटना नगर निगम ने घाटों पर बैरिकेडिंग, सफाई और रोशनी की व्यवस्था की है। पेसू ने सुरक्षित तार की जांच की है। निर्बाध ढंग से बिजली आपूर्ति के लिए अभियंता और कामगार रात 12 बजे से ही तैनात कर दिए जाएंगे। सिविल सर्जन जीवन रक्षक दवाओं के साथ चिकित्सक और एम्बुलेंस तैनात करेंगे। दिनभर तैयारी जारी रही। नगर निगम के अधिकारी घाटों को सुरक्षित बनाने में लगे रहे।
पाटीपुल, दीघा 87 से 93, बांसघाट, कलेक्ट्रेट-महेंद्रू, कालीघाट, गांधीघाट, गायघाट, भद्रघाट सहित कई घाटों पर सुरक्षित ढंग से स्नान कराने की तैयारी की गयी है। जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। इस कारण विशेष व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के लिए हर स्तर पर इंतजाम हैं। रात दो बजे से सभी दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त स्थल पर तैनात हो जाएंगे। छठ महापर्व में तैनात अधिकारियों के जिम्मे कार्तिक पूर्णिमा के दिन सुरक्षित स्नान कराने का भार सौंप दिया गया है।