विशालकाय टनल के आगे सड़क की चौड़ाई भी पड़ी कम, अब बरौनी रिफाइनरी तक ले जाने की चुनौती
विशालकाय टनल चेचिस के परिवहन से मोकामा-बेगूसराय मुख्य मार्ग पर 30 घंटे का भीषण जाम लग गया, जिसके बाद प्रशासन ने एक टनल को जीरो माइल पर रोक दिया है।

सिमरियाधाम से रिफाइनरी रवाना होने को तैयार हैं दो टनल। सौ ग्रामीण
HighLights
विशाल टनल चेचिस से मोकामा-बेगूसराय मार्ग पर 30 घंटे जाम।
प्रशासन ने एक टनल रोका, दो अन्य प्रतीक्षारत।
संकीर्ण सड़क और हाइटगेज परिचालन में बाधा बन रहे हैं।
संवाद सूत्र, मोकामा। सिमरियाधाम से बरौनी रिफाइनरी के लिए रवाना हुआ विशालकाय टनल चेचिस प्रशासन के निर्देश पर जीरो माइल स्थित दिनकर चौक से पहले रोक दिया गया है।
वहीं, दो अन्य विशालकाय टनल सिमरियाधाम में रिफाइनरी के लिए रवाना होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सिमरिया-बेगूसराय मुख्य मार्ग की कम चौड़ाई और हाइटगेज के कारण टनल चेचिस को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
विशालकाय टनल चेचिस के परिचालन से मोकामा-बेगूसराय मुख्य मार्ग पर करीब 30 घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान हजारों वाहन जाम में फंसे रहे और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
विशाल टनल की वजह से 30 घंटे तक जाम
बेगूसराय से मोकामा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई वीआइपी वाहनों के भी फंसे होने की सूचना मिली।
दुर्गा पूजा जैसे महापर्व के दौरान मालवाहक वाहनों की लंबी कतार से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, गुजरात से जलमार्ग के रास्ते कुल छह विशालकाय टनल सिमरियाधाम पहुंचाए गए थे।
इनमें से चार टनल को रिफाइनरी के लिए रवाना किया गया। हालांकि, इनके परिचालन के दौरान ही राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। शेष दो टनल आकार और वजन में पहले भेजे गए टनलों से भी बड़े बताए जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्थगित की रवानगी
जाम और परिचालन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए बेगूसराय जिला प्रशासन ने विशालकाय टनल चेचिस का परिचालन स्थगित कर दिया। सिमरियाधाम से रवाना हुआ एक टनल चेचिस फिलहाल जीरो माइल के पहले रोक दिया गया है।
चकिया थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास ने बताया कि टनल चेचिस की चौड़ाई सड़क की उपलब्ध चौड़ाई से काफी अधिक है।
इस कारण उसे आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही है। चकिया और बीहट में लगे हाइटगेज के कारण भी परिचालन बाधित हुआ।
विशालकाय टनलों को सुरक्षित तरीके से बरौनी रिफाइनरी तक पहुंचाना जिला प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। सिमरियाधाम में खड़े दो अन्य टनल चेचिस भी प्रशासन की अनुमति मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
फिलहाल, प्रशासन सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने और मुख्य मार्ग पर दोबारा जाम की स्थिति उत्पन्न होने से रोकने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार कर रहा है।
