आमने-सामने थे दो इंजन, फिर भी नहीं हुई टक्कर; बरौनी में रेलवे के 'कवच' ने कैसे किया कमाल?
पूर्व मध्य रेल ने बरौनी में स्वदेशी 'कवच' प्रणाली का सफल परीक्षण किया, जिसमें दो लोको को आमने-सामने लाकर संभावित टक्कर को रोका गया।

बरौनी में कवच का सफल परीक्षण। एआई जेनरेटेड फोटो
HighLights
बरौनी में स्वदेशी 'कवच' प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया।
दो लोको को आमने-सामने लाकर टक्कर टाली गई।
यह प्रणाली मानवीय भूल से होने वाली दुर्घटनाएं रोकेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। ट्रेनों की आमने-सामने की टक्कर रोकने के लिए पूर्व मध्य रेल (ECR) ने बुधवार को बरौनी में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ का सफल परीक्षण किया।
परीक्षण के दौरान दो लोको को आमने-सामने लाया गया, लेकिन कवच प्रणाली ने संभावित टक्कर को रोकने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
65 किलोमीटर के दायरे में परखी गई स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली
बरौनी–समस्तीपुर और बरौनी–बेगूसराय रेलखंड पर किए गए इस परीक्षण को रेल परिचालन की संरक्षा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
यह परीक्षण महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग, पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर और सोनपुर मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशन में किया गया। इसमें पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों के साथ रेलटेल और क्वाड्रेंट की टीम ने तकनीकी सहयोग दिया।
दो लोको के जरिए परखी गई सुरक्षा क्षमता
परीक्षण के दौरान कर्नेक्स डीएमआइ प्रणाली से लैस दो लोको का इस्तेमाल किया गया। दोनों लोको को आमने-सामने लाकर कवच की कार्यक्षमता और सुरक्षा क्षमता जांची गई।
इस दौरान संभावित टक्कर नहीं हुई। परीक्षण का उद्देश्य निर्धारित परिचालन परिस्थितियों में कवच की प्रतिक्रिया और स्वचालित ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता को परखना था।
मानवीय भूल से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में मदद
कवच एक स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। इसका उद्देश्य मानवीय भूल या अन्य कारणों से उत्पन्न होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करना है।
निर्धारित परिस्थितियों में खतरे की आशंका होने पर यह प्रणाली स्वचालित ब्रेकिंग के जरिए ट्रेन की गति नियंत्रित करने और सुरक्षित परिचालन में सहायता करती है।
पूर्व मध्य रेल के अनुसार, इस सफल परीक्षण में रेलटेल, क्वाड्रेंट और रेल अधिकारियों के समन्वित प्रयासों की अहम भूमिका रही। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक सिग्नलिंग और ट्रेन सुरक्षा तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहा है।
