विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बढ़ी चुनावी सरगर्मी; RJD कर रहा एकता की मांग तो NDA ने ठोकी जीत की ताल

Published: Wed, 08 Jul 2026 01:38 PM (IST)

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, जहाँ एनडीए जीत के प्रति ...और पढ़ें

रालोमो अध्‍यक्ष उपेंद्र कुशवाहा व राजद व‍िधायक भाई वीरेंद्र। वीड‍ियो ग्रैब

रालोमो अध्‍यक्ष उपेंद्र कुशवाहा व राजद व‍िधायक भाई वीरेंद्र। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. बांकीपुर उपचुनाव में राजनीतिक दलों की बयानबाजी तेज हुई।

  2. एनडीए अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त।

  3. महागठबंधन भाजपा के खिलाफ साझा उम्मीदवार चाहता है।

डिजिटल डेस्क, पटना। पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

एक ओर एनडीए अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहा है, वहीं महागठबंधन की ओर से विपक्षी दलों को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ साझा उम्मीदवार उतारने की अपील की जा रही है।

इस उपचुनाव में भाजपा ने अभिषेक कुमार बंटी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा कुमारी, जन सुराज ने प्रशांत किशोर और तेज प्रताप यादव की पार्टी ने वीणा मानवी को उम्मीदवार बनाया है। मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।

यह भाजपा की प्रतिष्ठा की सीट : भाई वीरेंद्र

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि बांकीपुर सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है।

ऐसे में प्रत‍िष्‍ठा को देखते हुए भाजपा इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। उपचुनाव में सरकार ने भी सारी शक्‍त‍ि लगा दी है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों से पहले भी आग्रह किया गया था कि भाजपा को हराने के लिए सभी मिलकर एक साझा उम्मीदवार उतारें।

अभी भी सभी दलों से अपील है कि वे एक उम्मीदवार पर सहमति बनाएं, ताकि भाजपा को शिकस्त दी जा सके और देशभर में विपक्षी एकता का संदेश जाए।

उपेंद्र कुशवाहा बोले- जीत एनडीए की ही होगी

वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव कोई भी लड़े, लेकिन जीत एनडीए की ही होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और बिहार सरकार के विकास कार्यों से जनता संतुष्ट है। ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं है।

कुशवाहा ने महागठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन में आपसी खींचतान और स्वार्थ की राजनीति हावी है।

उनके अनुसार महागठबंधन जनता के मुद्दों से दूर है, वहां सिर फुटौव्‍वल है। इसलिए चुनाव परिणाम उनके पक्ष में आने की संभावना नहीं है।

जीतन राम मांझी ने अभिषेक बंटी को दी अग्रिम बधाई

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी का समर्थन करते हुए पोस्ट किया।

उन्होंने लिखा, बांकीपुर जीत की अग्रिम शुभकामनाएं। ज़मीनी कार्यकर्ता के आगे कोई नहीं टिकता। बधाई हो अभिषेक कुमार बंटी जी।

बहुकोणीय मुकाबले से बढ़ा चुनावी रोमांच

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा, राजद, जन सुराज और तेज प्रताप यादव की पार्टी के अलग-अलग उम्मीदवार मैदान में होने से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।

ऐसे में अब सभी दल अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने और मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान के और तेज होने के साथ चुनावी बयानबाजी भी और तीखी होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर को मिला 'बिहारी बाबू' शत्रुघ्न सिन्हा का साथ; BJP अब किसे देगी टिकट?

यह भी पढ़ें- कौन हैं अभिषेक बंटी? 14% का गणित या 27 साल की मेहनत, BJP ने आखिर क्यों खेला बांकीपुर का सबसे बड़ा दांव