Move to Jagran APP

घर में घुसकर छात्रा से दुष्‍कर्म का प्रयास, शिकायत करने गए दादा का भी तोड़ दिया हाथ, नालंदा की घटना

नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ गांव के ही युवक ने दुष्‍कर्म का प्रयास किया। लड़की को बचाने पहुंची चाची से भी बदसलूकी की। हद तो यह कि शिकायत करने पहुंचे लड़की के दादा का हाथ तोड़ दिया।

By Vyas ChandraEdited By: Published: Fri, 20 May 2022 02:02 PM (IST)Updated: Fri, 20 May 2022 02:02 PM (IST)
घर में घुसकर छात्रा से दुष्‍कर्म का प्रयास, शिकायत करने गए दादा का भी तोड़ दिया हाथ, नालंदा की घटना
नालंदा में लड़की से दुष्‍कर्म का प्रयास। सांकेतिक तस्‍वीर

थरथरी (नालंंदा), संवाद सूत्र। नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग छात्रा के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर करने पर बचाव करने पहुचीं उसकी चाची के साथ बदसलूकी की। इसकी शिकायत करने जब छात्रा के दादा आरोपित के घर गए तो उसने अपने भाई के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी। एक हाथ तोड़ दिया। अस्‍पताल में उनका इलाज कराया जा रहा है। मुखिया की पहल पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। 

loksabha election banner

कोचिंग से लौटी थी लड़की

बताया जाता है कि घटना गुरुवार की है। छात्रा की मां अपने मायके गई हुई थी। पिता हर दिन की तरह काम करने गए थे। लड़की की चाची ने बताया कि करीब तीन बजे दोपहर में उनकी जेठानी की पुत्री कोचिंग से घर लौटी थी। घर आने के बाद बगल में स्थित अर्द्धनिर्मित कमरे में किसी काम से गई थी। इसी दौरान गांव के ही युवक ने दुष्‍कर्म की नीयत से उसे पकड़ लिया। बच्‍ची ने शोर मचाया तो वह दौड़ कर गई। वहां युवक को देखकर उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उनका गर्दन पकड़कर धकेल दिया और भाग निकला।

शिकायत करने गए दादा का तोड़ दिया हाथ

इसकी जानकारी लड़की के पिता को दी गई। यह सुनकर वे हैरान रह गए। वे आरोपित के घर पहुंचकर इसकी शिकायत करने लगे तो उसने अपने भाई के साथ मिलकर बेरहमी से उनकी पिटाई कर दी। उनका एक हाथ तोड़ दिया। घटना की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कोई एक्‍शन नहीं लिया। घायल दादा का इलाज भी नहीं करवाया। पुलिस की शिथिलता देखकर शुक्रवार सुबह पीड़‍िता ने मुखिया के घर पहुंचकर आपबीती सुनाई। इसके बाद मुखिया की पहल पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की। इसमें दो लोगाें को आरोपित किया गया है। जख्‍मी दादा का इलाज स्‍थानीय अस्‍पताल में कराया गया।  थानाध्‍यक्ष ने बताया कि छेड़छाड़ और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.