विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पटना के मनेर में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी

Published: Thu, 04 Sep 2025 02:55 PM (IST)

पटना के मनेर में दिनदहाड़े एक बाइक सवार अपराधी ने एक छात्र राहुल कुमार को सीने में गोली मार दी ...और पढ़ें

मनेर में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या का प्रयास
मनेर में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या का प्रयास

HighLights

  1. गंभीर हालत में दानापुर के निजी चिकित्सा केंद्र में चल रहा इलाज
  2. सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह और डीएसपी अमरेंद्र कुमार झा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटे

जागरण संवाददाता, पटना। पटना के मनेर में दिनदहाड़े एक छात्र को बाइक सवार अपराधी ने गोली मार दी, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मनेर थाना के सामने हुई, जहां छात्र राहुल कुमार को सीने में गोली लगी। उसे तत्काल दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

बता दें कि गोली मारने वाला अपराधी बाइक पर सवार था और उसने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद अपराधी को एक पुलिसकर्मी ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग निकला। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है, जिससे पुलिस ने अपराधी की पहचान कर ली है।

गोली मारकर भाग रहे अपराधी को एक पुलिसकर्मी ने पकड़ लिया। लेकिन भीड़ भाड़ व भागा भागी के दौरान अपराधी पुलिस से हाथ छुड़ाकर भागने लगा। इस बीच मौजूद अन्य दूसरे युवक ने अपराधी का पीछा कर पकड़ना चाहा तो अपराधी ने पिस्टल लहराते हुए व भय दिखाकर भाग निकला। कई थानों के पुलिस घटना स्थल पर जुट गई है। गोली मारने वाला अपराधी मौली नगर के रास्ते से भागा है पुलिस  पकड़ने का प्रयास कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई

सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह और डीएसपी अमरेंद्र कुमार झा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए हैं।पुलिस ने अपराधी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया गया है और एफएसएल की टीम जांच में जुटी हुई है।

घटना से पहले गोली मारने वाला और घायल छात्र आपस में बात कर रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अपराधी के मंशे को समझने की कोशिश कर रही है।