अरुण गोविल व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग आएंगे बिहार, बक्सर में 16 अप्रैल से राम महोत्सव में होंगे शामिल
बिहार के बक्सर जिला के किला मैदान में राम-राम महोत्सव 2021 का आयोजन 16 से 21 अप्रैल तक होगा। राम महोत्सव में श्रीराम की यादगार भूमिका निभानेवाले अरूण गोविल और क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग सहित देश की कई और नामचीन हस्तियां भाग लेंगी ।
पटना, जागरण संवाददाता । बक्सर के किला मैदान में 'बक्सर के राम-राम महोत्सव 2021' का आयोजन 16 से 21 अप्रैल तक होगा। आयोजन में देश-विदेश की नामी हस्तियां शामिल होंगी। 'बक्सर के राम' कार्यक्रम के आयोजक व संस्थापक उमेश पांडेय ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि बक्सर का इतिहास रामायण काल से भी जुड़ा है। यह महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि रही है। महर्षि ने भगवान राम को बक्सर की भूमि पर अस्त्र-शस्त्र की दीक्षा दी थी।
सुर और असुर संग्राम की भूमि
ट्रस्ट के संरक्षक उमेश शर्मा ने कहा कि महोत्सव के जरिए देश-दुनिया में बक्सर के इतिहास को बयां करना है। बक्सर सुर और असुर संग्राम की भूमि रही है। विषय समिति के अध्यक्ष जेएन राय ने बताया कि बक्सर की भूमि पर ही गायत्री मंत्र की रचना हुई थी। भगवान श्रीराम ने दो शिवलिंग की स्थापना की थी। इनमें एक बक्सर में और दूसरा रामेश्वरम में है।
ये हस्तियां हाेंगी शामिल
आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रामानंद सागर के सीरियल 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल, गूगल ब्वॉय कौटिल्य पंडित, बाल कथा वाचक शशि शेखर, कथक नृत्यांगना रेखा मेहरा आदि शामिल होंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने को स्थानीय कारोबारी व संस्था के सदस्य नसीर इमाम ने 11 लाख रुपये की सहायता राशि दी है।